55 हजार से ऊपर हो सकती है कीमत
नई दिल्ली। Vivo अपनी V सीरीज में एक नया स्मार्टफोन जोड़ने की तैयारी कर रहा है। Vivo V80 को भारत में जल्द लॉन्च किया जा सकता है और लॉन्च से पहले ही इसके कई अहम स्पेसिफिकेशन सामने आ गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फोन Geekbench पर मॉडल नंबर V2648 के साथ दिखाई दिया है। यही मॉडल नंबर हाल ही में BIS सर्टिफिकेशन डेटाबेस में भी नजर आया था। हालांकि कंपनी ने अभी फोन की पूरी स्पेसिफिकेशन और लॉन्च डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। फोन को अक्टूबर 2026 के पहले सप्ताह में इंडिया में लॉन्च किया जा सकता है।
Geekbench लिस्टिंग के मुताबिक Vivo V80 में Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है। फोन के टेस्ट मॉडल में 8GB RAM देखने को मिली है। माना जा रहा है कि लॉन्च के समय इससे ज्यादा रैम और स्टोरेज वाले वेरिएंट भी पेश किए जा सकते हैं। फोन के सिंगल-कोर टेस्ट में करीब 1070 अंक और मल्टी-कोर टेस्ट में 3552 अंक मिलने की बात सामने आई है। ये स्कोर Vivo V70 के प्रदर्शन के आसपास ही बताए जा रहे हैं। ऐसे में कंपनी का फोकस सिर्फ प्रोसेसर की ताकत बढ़ाने के बजाय दूसरे हिस्सों में बड़े अपग्रेड पर हो सकता है।
Vivo V80 की सबसे खास चीजों में से एक इसका सॉफ्टवेयर हो सकता है। फोन Android 17 के साथ बॉक्स से बाहर आएगा। इसके ऊपर कंपनी का नया OriginOS 7 इंटरफेस दिया जा सकता है।
Vivo V80 के डिजाइन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कंपनी ने फोन को कुछ नए रंगों में टीज किया है, जिनमें ऑरेंज और स्काई ब्लू शेड शामिल हैं। फोन के पीछे बड़ा कैमरा प्लेटो नजर आ सकता है। इसका डिजाइन मौजूदा iPhone Pro मॉडल्स से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। कैमरा मॉड्यूल में दो बड़े कैमरा रिंग वर्टिकल तरीके से लगाए जा सकते हैं, जबकि नीचे वाले कैमरे के पास एक छोटा तीसरा सेंसर दिया जा सकता है।
फोन के किनारे फ्लैट डिजाइन में रहने की उम्मीद है। दाईं तरफ वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन दिए जाएंगे।
Vivo V80 को 55 हजार रुपये से ऊपर के सेगमेंट में पेश किए जाने की संभावना है। Vivo V70 भी मौजूदा समय में कीमत बढ़ने के बाद इसी प्राइस सेगमेंट में बिक्री के लिए उपलब्ध है। कुल मिलाकर Vivo V80 में 7200mAh बैटरी, Snapdragon 7 Gen 4, Android 17, नया कैमरा डिजाइन और AI कैमरा फीचर्स जैसे बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक कीमत, कैमरा स्पेसिफिकेशन और लॉन्च डेट के लिए कंपनी के ऐलान का इंतजार करना होगा।
