INDIA में Aston Martin की कारें 4 करोड़ रुपये तक सस्ती, सात लग्जरी कारों के दाम कम

INDIA में Aston Martin की कारें 4 करोड़ रुपये तक सस्ती, सात लग्जरी कारों के दाम कम

• 10.92 करोड़ वाली कार Aston Martin Vanquish Volante अब ₹6.90 करोड़ में

• India-UK FTA का दिखा दम! Aston Martin की सुपर लग्जरी कारों पर करोड़ों की राहत

• Vanquish, DB12 S और DBX S पर करोड़ों की छूट, Aston Martin ने खोला ऑफर्स का पिटारा

भारत के लग्जरी कार बाजार में एक ऐसा धमाका हुआ है, जिसकी गूंज करोड़ों की कीमत वाली प्रीमियम कारों के शौकीनों के बीच सुनाई देगी। ब्रिटिश लग्जरी कार निर्माता Aston Martin ने India-UK Free Trade Agreement (FTA) के बाद भारत में अपने सात मॉडल की कीमतों में जबरदस्त कटौती की है। इस फैसले के बाद कंपनी की कारें पहले के मुकाबले 4.02 करोड़ रुपये तक सस्ती हो गई हैं। सबसे बड़ी राहत कंपनी की फ्लैगशिप ग्रैंड टूरर Vanquish Volante पर मिली है। इसकी कीमत 10.92 करोड़ रुपये से घटकर 6.90 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रह गई है। ग्राहकों को सीधे 4.02 करोड़ रुपये का फायदा होगा।

कीमतों में कटौती का फायदा Vanquish Coupe खरीदने वालों को भी मिलेगा। इसकी कीमत 10.11 करोड़ रुपये से घटाकर 6.40 करोड़ रुपये कर दी गई है। इस तरह इसकी कीमत में करीब 3.71 करोड़ रुपये की कमी आई है। वहीं, कंपनी की DB12 S रेंज भी पहले के मुकाबले काफी सस्ती हो गई है। DB12 S Coupe की कीमत 6.62 करोड़ रुपये से घटकर 4.10 करोड़ रुपये हो गई है। इस पर ग्राहकों को 2.52 करोड़ रुपये की बचत होगी। DB12 S Volante की कीमत भी 7 करोड़ रुपये से घटाकर 4.35 करोड़ रुपये कर दी गई है। यानी इस मॉडल पर करीब 2.65 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी।

Aston Martin की परफॉर्मेंस कार Vantage S के Coupe वर्जन की कीमत अब 4.99 करोड़ रुपये के बजाय 3.15 करोड़ रुपये हो गई है। इस पर 1.84 करोड़ रुपये की कटौती हुई है। इसके Roadster वर्जन की कीमत 5.26 करोड़ रुपये से घटाकर 3.35 करोड़ रुपये कर दी गई है। यानी करीब 1.91 करोड़ रुपये की बचत होगी। दूसरी तरफ, कंपनी की दमदार लग्जरी SUV DBX S भी सस्ती हो गई है। इसकी कीमत 6.80 करोड़ रुपये से घटकर 4.15 करोड़ रुपये रह गई है। इस तरह ग्राहकों को 2.65 करोड़ रुपये का फायदा मिलेगा।

भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार समझौते के बाद लग्जरी ऑटोमोबाइल बाजार में कीमतों को लेकर नई संभावनाएं बन रही हैं। Aston Martin की यह पहल भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा सकती है। करोड़ों रुपये की कीमत वाली इन कारों पर इतनी बड़ी कटौती निश्चित रूप से लग्जरी कार खरीदारों का ध्यान खींचेगी। हालांकि, ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। टैक्स, बीमा और अन्य शुल्क जुड़ने के बाद ऑन-रोड कीमत अलग होगी।