E85 हाइब्रिड इंजन बनेगा सबसे बड़ा हथियार, Innova Hycross में मिलेगा फ्लेक्स-फ्यूल का तड़का
पेट्रोल-इथेनॉल का दम, इलेक्ट्रिक मोटर का साथ! 23.24 kmpl की माइलेज मिलेगी
नई Innova Hycross में मिलेगा स्टाइल और टेक्नोलॉजी का जबरदस्त कॉम्बिनेशन
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी मजबूत पहचान रखने वाली Toyota Innova Hycross अब नए अवतार में दस्तक देने जा रही है। टोयोटा 25 नवंबर को Innova Hycross Facelift लॉन्च करने की तैयारी में है। नई एमपीवी में पहले से ज्यादा आकर्षक डिजाइन, बदला हुआ फ्रंट लुक और केबिन में कुछ नए अपडेट देखने को मिल सकते हैं। लेकिन इस बार सबसे बड़ा धमाका इसके संभावित E85 फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन को लेकर है। अगर टोयोटा इस तकनीक को प्रोडक्शन मॉडल में शामिल करती है तो यह भारतीय बाजार में कंपनी की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार बन सकती है। खास बात यह है कि यह तकनीक पेट्रोल के साथ 85 फीसदी तक इथेनॉल मिश्रित ईंधन यानी E85 पर भी चलने में सक्षम होगी।
नई Innova Hycross का सबसे बड़ा आकर्षण इसका संभावित फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड पावरट्रेन हो सकता है। टोयोटा पहले ही Innova Hycross पर आधारित एक फ्लेक्स-फ्यूल प्रोटोटाइप पेश कर चुकी है। इसमें 2.0-लीटर, चार सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर दी गई थी। यह तकनीक 85 फीसदी तक इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चल सकती है।
इस इंजन को E85 के अनुकूल बनाने के लिए कंपनी ने कई अहम बदलाव किए हैं। इनमें स्पार्क प्लग, पिस्टन रिंग, फ्यूल पंप और फिल्टर में संशोधन शामिल हैं। इसके अलावा इथेनॉल सेंसर और खास तरह की फ्यूल लाइन भी दी गई है। ज्यादा इथेनॉल वाले ईंधन में इंजन को आसानी से स्टार्ट करने के लिए कोल्ड स्टार्ट सिस्टम और उत्सर्जन नियंत्रण से जुड़े बदलाव भी किए गए हैं। अगर यह तकनीक नए मॉडल में मिलती है तो पेट्रोल पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में यह बड़ा कदम होगा।
नई Innova Hycross के डिजाइन में बड़े बदलाव की जगह आकर्षक अपडेट देखने को मिलेंगे। इसके फ्रंट में नई ग्रिल, बदले हुए लाइटिंग एलिमेंट और ज्यादा दमदार बंपर मिलने की उम्मीद है। नई ग्रिल में खास पैटर्न दिया जा सकता है, जो इसे मौजूदा मॉडल से अलग पहचान देगा। नई एमपीवी का लुक पहले से ज्यादा प्रीमियम और आकर्षक हो सकता है।
कार के इंटीरियर में मौजूदा मॉडल का डैशबोर्ड लेआउट बरकरार रहने की उम्मीद है। इसमें सेंटर कंसोल, ऑटोमैटिक गियर सिलेक्टर और सीट एडजस्टमेंट कंट्रोल पहले की तरह मिल सकते हैं। Innova Hycross दो 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन विकल्पों में आती है। पहला नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन CVT गियरबॉक्स के साथ मिलता है, जबकि दूसरा स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन इलेक्ट्रिक मोटर और e-CVT ट्रांसमिशन से लैस है।
