नई दिल्ली : Oben Electric की नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Oben Rorr Evo ने लॉन्च के महज 15 दिनों के भीतर 25,000 से ज्यादा बुकिंग हासिल कर ली हैं। यह उपलब्धि इसे देश के इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट की सबसे तेजी से बुक होने वाली बाइक्स में शामिल कर देती है। 180 किलोमीटर की रेंज, 110 किमी/घंटा की टॉप स्पीड, 8 साल की बैटरी वारंटी और 99,999 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ यह बाइक ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रही है। कंपनी जून 2026 से इसकी डिलीवरी शुरू करने जा रही है।
कंपनी ने बताया है कि ग्राहकों के लिए कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर पेमेंट पोर्टल भी सक्रिय कर दिया है, जहां बुकिंग कराने वाले शुरुआती 10,000 ग्राहकों को यह बाइक 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम) की विशेष शुरुआती कीमत पर मिलेगी। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 1,24,999 रुपये (एक्स-शोरूम) हो जाएगी। Oben Electric का नेटवर्क फिलहाल देश के 18 से अधिक राज्यों के 100 से ज्यादा शहरों में फैले 150 से अधिक शोरूम और सर्विस सेंटरों तक पहुंच चुका है। Rorr Evo में कंपनी क इन-हाउस विकसित IPMSM इलेक्ट्रिक मोटर लगाया गया है, जो 9 किलोवाट की पीक पावर और 250 Nm का व्हील टॉर्क पैदा करता है। यह मोटर IP68 रेटिंग के साथ आती है। यह मोटर पहले की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक कॉम्पैक्ट है, जबकि इसकी पावर 20 प्रतिशत ज्यादा है।
इस इलेक्ट्रिक बाइक में 3.4 kWh का LFP बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज होने पर 180 किलोमीटर तक की IDC रेंज प्रदान कर सकती है। बाइक 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार केवल 3 सेकंड में पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। फास्ट चार्जिंग की मदद से बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक केवल 90 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा कंपनी बैटरी पर 8 साल की वारंटी भी दे रही है। कंपनी ने बाइक में सेगमेंट की सबसे लंबी सीट देने का दावा किया है। साथ ही इसमें 10 लीटर का स्टोरेज स्पेस भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे रोजमर्रा के उपयोग में सुविधा बढ़ जाती है।
