Bullet की दहाड़: Royal Enfield ने मई में बेचीं 1.03 लाख+बाइक्स, बिक्री में 15% उछाल

नई दिल्ली : देश की प्रतिष्ठित प्रीमियम मोटरसाइकिल निर्माता Royal Enfield ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत शानदार प्रदर्शन के साथ की है। कंपनी ने मई 2026 में कुल 1,03,231 मोटरसाइकिलों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में बेची गई 89,429 यूनिट्स के मुकाबले 15 प्रतिशत अधिक है। मजबूत घरेलू मांग और नए उत्पादों की लोकप्रियता ने कंपनी की बिक्री को नई ऊंचाई पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 में घरेलू बाजार में 94,115 मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई, जो पिछले साल मई में बिके 75,820 वाहनों की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है। हालांकि निर्यात के मोर्चे पर कंपनी को झटका लगा है। मई 2025 के 13,609 यूनिट्स के मुकाबले इस बार केवल 9,116 मोटरसाइकिलें विदेश भेजी गईं, जिससे निर्यात में 33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। Royal Enfield के प्रबंध निदेशक एवं ईचर मोटर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और बाजार की अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनी ने वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अपनी विकास यात्रा को मजबूती से आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि मई कंपनी के लिए कई मायनों में खास रहा, क्योंकि इसी दौरान नई Bullet 650 को बाजार में उतारा गया।

नई Bullet 650 को कंपनी की विरासत और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन संगम माना जा रहा है। दुनिया की सबसे लंबे समय से लगातार उत्पादन में रहने वाली मोटरसाइकिल श्रृंखला Bullet की पहचान को आगे बढ़ाते हुए इस बाइक को 647.95 सीसी पैरेलल-ट्विन इंजन के साथ पेश किया गया है। यह इंजन 52.3 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। बाइक में क्लासिक क्रोम फिनिश वाले सिग्नेचर पी-शूटर एग्जॉस्ट दिए गए हैं, जो इसकी पारंपरिक पहचान को बरकरार रखते हैं।
बिक्री के मजबूत आंकड़ों के बीच कंपनी ने अपने भविष्य के विस्तार की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। रॉयल एनफील्ड ने आंध्र प्रदेश के ताडा में नई ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की योजना का ऐलान किया है। लगभग 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह संयंत्र चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। कंपनी का मानना है कि नया प्लांट भविष्य की मांग को पूरा करने के साथ-साथ उत्पादन क्षमता बढ़ाने और अगले चरण की विकास यात्रा को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।