नई दिल्ली : इंडियन टूव्हीलर मार्केट में Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए मई 2026 में बिक्री के नए आंकड़े दर्ज किए हैं। कंपनी ने मई महीने में कुल 5,18,777 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 12 फीसदी अधिक है। लगातार बढ़ती मांग और मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के दम पर Honda ने बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।
घरेलू बाजार में Honda की लोकप्रियता साफ दिखाई दी। मई 2026 में कंपनी ने 4,59,611 टू-व्हीलर बेचे, जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा 4,17,250 यूनिट्स था। यानी घरेलू बिक्री में 10 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह प्रदर्शन बताता है कि ग्राहकों के बीच Honda के स्कूटर और मोटरसाइकिलों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। निर्यात बाजार में भी Honda ने जबरदस्त उड़ान भरी। कंपनी ने मई 2026 में 59,166 यूनिट्स का निर्यात किया, जो पिछले साल के 47,859 यूनिट्स की तुलना में 24 फीसदी ज्यादा है। भारत में बने Honda के दोपहिया वाहन विदेशी बाजारों में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
कंपनी की सफलता के पीछे उसका विशाल नेटवर्क भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। Honda के देशभर में अब 7,000 से ज्यादा टचपॉइंट्स हैं, जिससे ग्राहकों तक पहुंच आसान हुई है और छोटे शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी कंपनी की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है।
