पेट्रोल-डीजल के आयात पर भारत बचाएगा 9.6 लाख करोड़! 2045 तक विदेशी तेल के बिल पर लगेगा ब्रेक

पेट्रोल-डीजल के आयात पर भारत बचाएगा 9.6 लाख करोड़! 2045 तक विदेशी तेल के बिल पर लगेगा ब्रेक

• विदेशी तेल पर निर्भरता खत्म करने का महाप्लान, भारत की होगी लाखों करोड़ की बचत

पेट्रोल-डीजल छोड़ बिजली की राह पकड़ेगा भारत, 9.6 लाख करोड़ बचाने का बड़ा रोडमैप

• हर साल 9.6 लाख करोड़ की बचत और 2045 तक जीरो इंपोर्ट, भारत का नया एनर्जी मिशन

भारत हर साल पेट्रोल, डीजल, कच्चे तेल और कोयले के आयात पर लाखों करोड़ रुपये खर्च करता है। लेकिन आने वाले वर्षों में देश इस भारी-भरकम खर्च को काफी हद तक बचा सकता है। Climate Compatible Futures की नई रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत परिवहन, उद्योग, खेती और घरों में तेजी से बिजली का इस्तेमाल बढ़ाता है तो 2035 तक हर साल करीब 9.6 लाख करोड़ रुपये की बचत संभव है। इतना ही नहीं, सही रणनीति अपनाने पर भारत 2045 तक सीधे जीवाश्म ईंधन (Fossil Fuel) के आयात को पूरी तरह खत्म कर सकता है।
16 नवंबर को जारी रिपोर्ट ‘Decoupling from Fossil Fuel Imports: An Accelerated Electrification Scenario for India’ में देश की मौजूदा ऊर्जा व्यवस्था और तेजी से इलेक्ट्रिफिकेशन अपनाने के दो अलग-अलग परिदृश्यों का विश्लेषण किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत की कुल ऊर्जा मांग में बिजली की हिस्सेदारी 2025 में 29 प्रतिशत थी। तेजी से बदलाव होने पर यह 2035 तक 54 प्रतिशत और 2045 तक 76 प्रतिशत पहुंच सकती है। इसके विपरीत, मौजूदा रफ्तार जारी रहने पर 2045 में भी बिजली की हिस्सेदारी सिर्फ 33 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
भारत ने 2025 में कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों, कोयले और प्राकृतिक गैस के करीब 5,002 अरब यूनिट के बराबर आयात किए। इन पर देश ने लगभग 17.5 लाख करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें अकेले कच्चे तेल का हिस्सा करीब 11.6 लाख करोड़ रुपये था, जबकि कोयले के आयात पर 2.6 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में भारत की कच्चे तेल की जरूरत का 88.2 प्रतिशत हिस्सा आयात से पूरा हुआ। देश ने इस दौरान 242.4 मिलियन टन कच्चा तेल आयात किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने और पश्चिम एशिया में तनाव का सीधा असर भारत के ऊर्जा बिल पर पड़ता है।
परिवहन क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाना बेहद अहम होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, 2035 तक परिवहन क्षेत्र की 45 प्रतिशत ईंधन मांग को बिजली, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोएनर्जी से पूरा किया जा सकता है।
देश की कुल अंतिम ऊर्जा खपत में उद्योगों की हिस्सेदारी 45.2 प्रतिशत है। ऐसे में फैक्ट्रियों में इलेक्ट्रिक मशीनों और स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाना जरूरी होगा। खेती में भी बिजली आधारित उपकरणों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
इलेक्ट्रिक कुकिंग, ऊर्जा बचाने वाले उपकरण और बेहतर कूलिंग सिस्टम के जरिए LPG और प्राकृतिक गैस की खपत कम की जा सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा व्यवस्था जारी रहने पर 2045 तक भारत का सालाना जीवाश्म ईंधन आयात खर्च 23.3 लाख करोड़ रुपये पहुंच सकता है। वहीं, तेज इलेक्ट्रिफिकेशन, ग्रीन हाइड्रोजन और टिकाऊ बायोएनर्जी अपनाने पर 2045 तक सीधे जीवाश्म ईंधन का आयात शून्य किया जा सकता है।
हालांकि, इसके लिए बिजली ग्रिड, ट्रांसमिशन नेटवर्क, ऊर्जा भंडारण और नवीकरणीय ऊर्जा में बड़े निवेश की जरूरत होगी। भारत के लिए यह बदलाव केवल पर्यावरण संरक्षण का रास्ता नहीं, बल्कि आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में भी बड़ा कदम साबित हो सकता है।