समंदर में दुश्मन की हर चाल पर नजर! नेवी में आएंगे 60 से ज्यादा जंगी जहाज

समंदर में दुश्मन की हर चाल पर नजर! नेवी में आएंगे 60 से ज्यादा जंगी जहाज

 7.54 अरब डॉलर की डील अंतिम दौर में, दुश्मनों की बढ़ेगी टेंशन

• भारत बना रहा सात खतरनाक Stealth Frigates दुश्मन के रडार को चकमा देंगे नए युद्धपोत

63 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की युद्धपोत परियोजना, मार्च 2028 तक डील का लक्ष्य

• मार्च 2027 तक चुना जा सकता है सबसे कम बोली लगाने वाला शिपयार्ड

हिंद महासागर में भारत की सैन्य ताकत को नई ऊंचाई देने की तैयारी तेज हो गई है। भारतीय नौसेना आने वाले वर्षों में 60 से अधिक नए युद्धपोत और पनडुब्बियां अपने बेड़े में शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी बीच 7.54 अरब डॉलर के Project 17B स्टील्थ फ्रिगेट कार्यक्रम ने भी अहम पड़ाव पार कर लिया है। इसके तहत भारतीय नौसेना के लिए सात अगली पीढ़ी के गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाए जाएंगे। यह परियोजना भारत की समुद्री सुरक्षा और स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता को मजबूत करने की बड़ी पहल है। खास बात यह है कि इन युद्धपोतों का निर्माण देश में ही किया जाएगा। परियोजना के तहत दो भारतीय शिपयार्ड मिलकर सात युद्धपोतों का निर्माण करेंगे।

Project 17B के लिए बोली प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। निर्धारित योजना के मुताबिक, मार्च 2027 तक सबसे कम बोली लगाने वाले यानी L1 बोलीदाता का चयन होने की उम्मीद है। इसके बाद मार्च 2028 तक अंतिम निर्माण समझौते पर हस्ताक्षर करने का लक्ष्य रखा गया है।

इन नए युद्धपोतों में अत्याधुनिक स्टील्थ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे दुश्मन के रडार पर इनकी पहचान करना मुश्किल होगा। इसके अलावा आधुनिक सेंसर और उन्नत मिसाइल सिस्टम भी लगाए जाएंगे। ये युद्धपोत हवा, समुद्र की सतह और पानी के भीतर से आने वाले खतरों से निपटने में सक्षम होंगे।

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने कहा कि भारतीय नौसेना विस्तार, आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता के स्पष्ट रास्ते पर आगे बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में 60 से अधिक नए युद्धपोत और पनडुब्बियां नौसेना में शामिल होंगी।

नौसेना के विस्तार का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री मौजूदगी मजबूत करना है। क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच नए युद्धपोत भारत की समुद्री सुरक्षा को नई मजबूती देंगे।

एडमिरल स्वामीनाथन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के SAGAR-Mahasagar विजन का भी उल्लेख किया। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देना है। भारत समुद्री सहयोग, संपर्क और स्थिरता के साथ मानवीय सहायता तथा समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहता है।