नई दिल्ली : दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने मई 2026 में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत वृद्धि का सिलसिला जारी रखा है। कंपनी ने मई 2026 में कुल 5,70,068 मोटरसाइकिल और स्कूटर डिस्पैच किए, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 5,07,701 यूनिट्स की तुलना में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्शाता है। घरेलू बाजार में भी कंपनी की पकड़ मजबूत बनी रही। मई में 4,96,957 से अधिक VAHAN रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए।
Hero MotoCorp की घरेलू बिक्री में करीब 10 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। इस प्रदर्शन में 125cc सेगमेंट की Deluxe रेंज, प्रीमियम मोटरसाइकिलों और स्कूटर पोर्टफोलियो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी सेगमेंट्स में दोहरे अंकों की वृद्धि देखने को मिली, जिसने कंपनी को बाजार में मजबूत स्थिति बनाए रखने में मदद की। कंपनी ने मई के दौरान अपनी लोकप्रिय 125cc मोटरसाइकिल Super Splendor XTEC 2.0 को भी लॉन्च किया। तीन दशक से अधिक पुराने इस भरोसेमंद ब्रांड को नए तकनीकी फीचर्स और राइडर-केंद्रित सुविधाओं के साथ पेश किया गया है, जिससे Hero MotoCorp की 125cc सेगमेंट में नेतृत्वकारी स्थिति और मजबूत हुई है।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में भी Hero MotoCorp की सहायक कंपनी VIDA ने शानदार प्रदर्शन किया। VIDA ने मई 2026 में 19,052 VAHAN रजिस्ट्रेशन दर्ज किए, जो पिछले साल की तुलना में 166 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि है। युवा ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने DIRT.E K3 की रिटेल बिक्री भी चुनिंदा बाजारों में शुरू की है, जिससे उसके इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो का विस्तार हुआ है। कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ VIDA की मार्केटिंग साझेदारी को ‘ब्रेकथ्रू मार्केटिंग कैंपेन ऑफ द ईयर’ का सम्मान भी मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी Hero MotoCorp की रफ्तार तेज रही। कंपनी ने मई 2026 में 33,284 यूनिट्स का निर्यात किया, जो पिछले साल की तुलना में करीब 78 प्रतिशत अधिक है। प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग और नए बाजारों में विस्तार की रणनीति ने वैश्विक कारोबार को मजबूती दी है। मई 2026 में कंपनी ने 5,03,763 मोटरसाइकिल और 66,305 स्कूटर डिस्पैच किए। घरेलू बाजार में 5,36,784 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि निर्यात 33,284 यूनिट्स रहा। मजबूत घरेलू मांग, तेजी से बढ़ता EV कारोबार और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती स्वीकार्यता यह संकेत देती है कि Hero MotoCorp आने वाले महीनों में भी दोपहिया उद्योग में अपनी बादशाहत कायम रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
