7.83 लाख रुपये में Kawasaki की नई बाइक Z650RS MY27 INDIA में लॉन्च

7.83 लाख रुपये में Kawasaki की नई बाइक Z650RS MY27 INDIA में लॉन्च

नए Metallic Carbon Gray रंग में रेट्रो लुक ने जीता दिल, डिजाइन में नया रंग, अंदाज पहले से ज्यादा शानदार

68 PS की पावर, 649cc इंजन, ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS के फीचर्स से लैस

Triumph और Royal Enfield को टक्कर देने आई Kawasaki की नई बाइक

जापान की दोपहिया वाहन निर्माता Kawasaki ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय रेट्रो-मॉडर्न मोटरसाइकिल Kawasaki Z650RS MY27 लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 7.83 लाख रुपये रखी गई है। 2027 मॉडल में कंपनी ने नया Metallic Carbon Gray कलर पेश किया है, जो बाइक के क्लासिक लुक को और आकर्षक बनाता है। कंपनी ने नए मॉडल को उन राइडर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है, जो क्लासिक डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक और दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं।

नई Z650RS का सबसे बड़ा आकर्षण इसका नया Metallic Carbon Gray कलर है। यह बाइक के रेट्रो डिजाइन को प्रीमियम लुक देता है। इसमें राउंड LED हेडलैंप, मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्पोक-स्टाइल अलॉय व्हील और ड्यूल-पॉड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसका डिजाइन पुरानी क्लासिक मोटरसाइकिलों की याद दिलाता है, लेकिन फीचर्स पूरी तरह आधुनिक हैं।

Kawasaki Z650RS MY27 में पहले की तरह 649cc का पैरेलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 68 PS की पावर और 64 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। कंपनी ने इंजन की ट्यूनिंग में कोई बदलाव नहीं किया है। बाइक में असिस्ट और स्लिपर क्लच भी दिया गया है, जिससे गियर बदलना आसान होता है और तेज डाउनशिफ्टिंग के दौरान बेहतर नियंत्रण मिलता है।

बाइक में बेहतर सुरक्षा के लिए Kawasaki Traction Control System (KTRC) दिया गया है। इसमें दो मोड मिलते हैं। इसके अलावा ड्यूल-चैनल ABS भी मिलता है। ये फीचर्स फिसलन वाली सड़कों और अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में राइडर को बेहतर नियंत्रण देने में मदद करते हैं।

Kawasaki Z650RS MY27 में आगे टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और पीछे हॉरिजॉन्टल बैक-लिंक सस्पेंशन दिया गया है। ब्रेकिंग के लिए आगे ड्यूल डिस्क और पीछे सिंगल डिस्क ब्रेक मिलते हैं। बाइक का कर्ब वेट करीब 192 किलोग्राम है। इसकी राइडिंग पोजिशन आरामदायक रखी गई है, जिससे शहर के साथ लंबी दूरी की यात्रा में भी इसे चलाना आसान हो सकता है।

Z650RS उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प बन सकती है, जिन्हें स्पोर्टी बाइक के बजाय क्लासिक डिजाइन पसंद है। इसकी सीधी राइडिंग पोजिशन, दमदार इंजन और आधुनिक सेफ्टी फीचर्स इसे डेली कम्यूटिंग के साथ वीकेंड राइडिंग के लिए भी उपयोगी बनाते हैं।भारतीय बाजार में Kawasaki Z650RS का मुकाबला Triumph Trident 660 और Royal Enfield Continental GT 650 जैसी मोटरसाइकिलों से माना जाता है।