4 से 9 फरवरी 2027 तक 50 देशों से आएंगे 1,750 एग्जिबिटर्स
10 लाख लोगों की जुटेगी भीड़, 44 कंपनियां दिखाएंगी नई गाड़ियां
Bharat Mobility Expo 2027 की तैयारी तेज, भारत मंडपम और यशोभूमि में दिखेगा ऑटो का दम
44 ऑटो कंपनियों का जमावड़ा, इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन वाहनों पर रहेगा बड़ा दांव
भारत एक बार फिर दुनिया के ऑटोमोबाइल और मोबिलिटी उद्योग का सबसे बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। राजधानी दिल्ली में 4 से 9 फरवरी 2027 तक Bharat Mobility Global Expo 2027 का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय मेगा इवेंट में 50 से अधिक देशों के 1,750 से ज्यादा एग्जिबिटर्स हिस्सा लेंगे। अमेरिका, चीन, जापान, जर्मनी, इटली, स्पेन, मैक्सिको और ताइवान समेत कई देशों की कंपनियां अपनी अत्याधुनिक तकनीक और नए उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। इस बार कम से कम 44 वाहन निर्माता कंपनियां Auto Expo-The Motor Show में हिस्सा लेंगी। यहां इलेक्ट्रिक, सीएनजी, एलएनजी, हाइड्रोजन और बायोफ्यूल से चलने वाले वाहनों की नई तकनीक देखने को मिलेगी। आयोजन में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
Bharat Mobility Global Expo 2027 को ‘Smarter Mobility For A Better Tomorrow’ थीम के तहत आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद भविष्य की परिवहन व्यवस्था, स्वच्छ ऊर्जा, स्मार्ट मोबिलिटी और ऑटोमोबाइल तकनीक को एक मंच पर लाना है। इस आयोजन में वाहन निर्माता कंपनियों के अलावा ऑटो कंपोनेंट्स, बैटरी, टायर, स्टील, एडवांस्ड मटीरियल और मोबिलिटी टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियां भी अपनी ताकत दिखाएंगी।
इस बार एक्सपो का आयोजन दिल्ली के दो प्रमुख प्रदर्शनी केंद्रों पर होगा। पहला आयोजन स्थल भारत मंडपम होगा, जहां 4 से 9 फरवरी तक कार्यक्रम चलेगा। दूसरा आयोजन स्थल यशोभूमि होगा, जहां 4 से 7 फरवरी तक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
इस एक्सपो का सबसे बड़ा आकर्षण Auto Expo-The Motor Show होगा। इसमें कम से कम 44 ऑटोमोबाइल कंपनियां हिस्सा लेंगी। एक्सपो में केवल पेट्रोल और डीजल वाहनों तक ही प्रदर्शन सीमित नहीं रहेगा। कंपनियां इलेक्ट्रिक, सीएनजी, एलएनजी, इथेनॉल, फ्लेक्स-फ्यूल और हाइड्रोजन आधारित वाहनों की तकनीक भी पेश करेंगी। Bharat Mobility Global Expo 2027 में एक साथ 11 प्रमुख प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।
इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए Bharat Battery Show खास आकर्षण होगा। इसमें बैटरी तकनीक, ऊर्जा भंडारण, चार्जिंग सिस्टम और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़े नए समाधान प्रदर्शित किए जाएंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपो का आयोजन दोनों स्थानों पर कुल 2.5 लाख वर्ग मीटर के प्रदर्शनी क्षेत्र में किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि छह दिनों के दौरान 10 लाख से ज्यादा लोग इस मेगा इवेंट में पहुंचेंगे। इस आयोजन में भारतीय वाहन निर्माता कंपनियों के साथ दुनिया के प्रमुख ऑटोमोबाइल ब्रांड भी शामिल होंगे। इससे भारतीय कंपनियों को अपनी तकनीक, उत्पाद और क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही विदेशी कंपनियों के लिए भारत में निवेश और कारोबारी साझेदारी की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। Bharat Mobility Global Expo 2027 केवल नई कारों और मोटरसाइकिलों का प्रदर्शन नहीं होगा। इसमें भविष्य के परिवहन की पूरी तस्वीर देखने को मिलेगी।
