नई दिल्ली : प्रीमियम कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा और तेज होने जा रही है। लग्जरी कार निर्माता MINI ने पुष्टि कर दी है कि उसकी नई 2026 MINI Countryman C इंडियन मार्केट में 17 जून को लॉन्च होगी। कंपनी की लाइनअप में यह मॉडल हाई-परफॉर्मेंस Countryman JCW All4 के नीचे स्थान पाएगा और ग्राहकों के लिए अपेक्षाकृत अधिक किफायती विकल्प साबित हो सकता है। खास बात यह है कि इस SUV की प्री-बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
नई Countryman C को इंडिया में लोकल असेंबली के जरिए पेश किया जाएगा, जिससे इसकी कीमत को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने में मदद मिलेगी। लॉन्च के बाद यह प्रीमियम SUV सेगमेंट में BMW X1, Audi Q3 और Mercedes-Benz GLA जैसी लोकप्रिय गाड़ियों को सीधी चुनौती देगी। नई Countryman C का लुक काफी हद तक Countryman Electric से मिलता-जुलता होगा। हालांकि इसमें नया ग्रिल डिजाइन और संशोधित बंपर देखने को मिलेंगे। SUV को Chilli Red, British Racing Green, Nanuq White, Slate Blue और Smokey Green जैसे पांच आकर्षक रंगों में पेश किए जाने की संभावना है। इसके अलावा ब्लैक रूफ, ब्लैक ORVM, बॉडी कलर डोर हैंडल, शैंपेन फिनिश एक्सटीरियर एलिमेंट्स, स्टाइलिश अलॉय व्हील्स और मैट्रिक्स LED टेललैंप्स इसे प्रीमियम लुक देंगे।
इंटीरियर में MINI की आधुनिक डिजाइन फिलॉसफी देखने को मिलेगी। केबिन में ड्यूल-टोन थीम, शैंपेन फिनिश ट्रिम, कंपनी की सिग्नेचर सर्कुलर टचस्क्रीन, प्रीमियम साउंड सिस्टम, पैडल शिफ्टर्स और हेड-अप डिस्प्ले जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। इससे ड्राइविंग अनुभव और अधिक प्रीमियम और तकनीक से भरपूर होगा। नई MINI Countryman C में 1.5 लीटर टर्बो-पेट्रोल डायरेक्ट इंजेक्शन इंजन मिलने की उम्मीद है, जिसे 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि यही तीन-सिलेंडर इंजन BMW X1 में भी इस्तेमाल किया जाता है, जहां यह 136 हॉर्सपावर और 230 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। हालांकि MINI ने अभी आधिकारिक पावर फिगर्स का खुलासा नहीं किया है।
Countryman JCW All4 की कीमत 64.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। ऐसे में नई Countryman C को इससे कम कीमत पर उतारा जा सकता है। आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम फीचर्स और BMW तकनीक के साथ आने वाली यह SUV भारत के लग्जरी कॉम्पैक्ट SUV बाजार में MINI के लिए एक महत्वपूर्ण उत्पाद साबित हो सकती है।
