नई दिल्ली : इंडियन पैसेंजर व्हीकल मार्केट में Honda Cars India ने मई 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री के मोर्चे पर जबरदस्त छलांग लगाई । कंपनी ने महीने में कुल 7,853 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल मई 2025 में बेची गई 5,985 यूनिट्स की तुलना में 31.21 प्रतिशत अधिक है। इस तरह Honda ने एक साल में 1,868 अतिरिक्त वाहन बेचकर मजबूत ग्रोथ हासिल की है।
घरेलू बाजार में भी Honda की रफ्तार तेज रही। कंपनी ने मई 2026 में 5,111 वाहनों की बिक्री की, जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा 3,950 यूनिट्स था। घरेलू बिक्री में 29.39 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। बिक्री में 1,161 यूनिट्स का इजाफा हुआ, जिसमें Honda Amaze, City और Elevate जैसे मॉडलों की अहम भूमिका रही। खासकर नई Honda City और Elevate SUV को ग्राहकों से लगातार अच्छा रेस्पॉन्स मिला। निर्यात के मोर्चे पर भी Honda ने शानदार प्रदर्शन किया। मई 2026 में कंपनी ने 2,742 वाहनों का निर्यात किया, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 2,035 यूनिट्स था। इस तरह निर्यात में 34.74 प्रतिशत की दमदार वृद्धि दर्ज की गई और कंपनी ने 707 अतिरिक्त वाहन विदेशी बाजारों में भेजे।
मासिक आधार पर भी Honda की बिक्री में जोरदार उछाल देखने को मिला। अप्रैल 2026 में जहां कंपनी ने घरेलू बाजार में 4,069 वाहन बेचे थे, वहीं मई में यह आंकड़ा बढ़कर 5,111 यूनिट्स पर पहुंच गया। सिर्फ एक महीने में 25.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे साफ है कि Honda के उत्पादों की मांग लगातार मजबूत हो रही है।
Honda Cars India के मार्केटिंग एवं सेल्स उपाध्यक्ष कुणाल बेहल के अनुसार, बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर चिंताओं के बावजूद मई का महीना कंपनी के लिए बेहद सकारात्मक रहा। नई Honda City की लॉन्चिंग ने सेडान सेगमेंट में कंपनी की स्थिति को और मजबूत किया है। वहीं हाल ही में भारत में प्रदर्शित Honda ZR-V SUV ने भी ग्राहकों का ध्यान आकर्षित किया है और Honda के वैश्विक SUV पोर्टफोलियो को लेकर उत्सुकता बढ़ाई है।
Honda इंडिया में आक्रामक विस्तार की तैयारी कर रही है। कंपनी इस साल कुछ नए CBU मॉडल लॉन्च करेगी। 2027 में भारत में निर्मित 0 Series Alpha इलेक्ट्रिक SUV पेश की जाएगी। 2028 से नई सब-4 मीटर SUV और मिड-साइज SUV लॉन्च करने की योजना है। Honda का लक्ष्य 2030 तक भारतीय बाजार में 10 नई कारें उतारने का है।
