Ola-Uber की बढ़ी टेंशन : दिल्ली में 10000 ई-टैक्सियों के साथ उतरी Green SM

नई दिल्ली : इंडिया में ऑनलाइन कैब के मार्केट अब मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है। Ola, Uber और Rapido के दबदबे वाले सेक्टर में वियतनाम की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी Green SM ने धमाकेदार एंट्री कर दी है। दिल्ली-एनसीआर से शुरुआत करते हुए कंपनी ने साफ संकेत दे दिया है कि वह केवल बाजार में मौजूदगी दर्ज कराने नहीं, बल्कि खेल के नियम बदलने आई है। 10,000 इलेक्ट्रिक टैक्सियों का विशाल बेड़ा उतारने की तैयारी के साथ Green SM ने प्रीमियम मोबिलिटी सेगमेंट पर बड़ा दांव खेला है।

कंपनी की रणनीति सीधे तौर पर उन ग्राहकों को निशाना बना रही है जो बेहतर सेवा, आरामदायक सफर और भरोसेमंद यात्रा अनुभव चाहते हैं। एयरपोर्ट ट्रांसफर और कॉर्पोरेट ट्रैवल जैसे हाई-वैल्यू सेगमेंट पर फोकस है। Green SM को उम्मीद है कि उसकी आधे से ज्यादा कमाई इन्हीं ग्राहकों से आएगी। कंपनी ने साधारण टैक्सी सेवा की जगह प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी मॉडल को चुना है। दिल्ली-एनसीआर जैसे देश के सबसे व्यस्त और प्रतिस्पर्धी बाजार में कदम रखकर Green SM ने अपनी महत्वाकांक्षाएं भी जाहिर कर दी हैं। कंपनी का मानना है कि यदि वह यहां सफल होती है तो देश के अन्य बड़े शहरों में विस्तार का रास्ता और आसान हो जाएगा। आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित ड्राइवर, कैमरों और ADAS जैसी उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए Green SM खुद को पारंपरिक कैब एग्रीगेटर्स से अलग पहचान देने की कोशिश कर रही है।

Green SM ने सात-सीटर प्रीमियम इलेक्ट्रिक टैक्सी ‘Green SM Limo’ के साथ दिल्ली-एनसीआर में परिचालन शुरू किया है। कंपनी को उम्मीद है कि उसके कुल कारोबार का 20 प्रतिशत हिस्सा कॉर्पोरेट ग्राहकों से आएगा, जबकि लगभग 33 प्रतिशत राइड्स एयरपोर्ट से जुड़ी होंगी। यानी कंपनी की आधे से ज्यादा कमाई एयरपोर्ट और कॉर्पोरेट ट्रैवल से आने की संभावना है। Green SM का बिजनेस मॉडल भी प्रतिस्पर्धियों से अलग है। कंपनी ड्राइवरों को वाहन उपलब्ध कराएगी और शुरुआती दो महीनों तक उन्हें निश्चित आय की गारंटी भी देगी। इसके बाद राजस्व साझेदारी और प्रोत्साहन आधारित मॉडल लागू होगा। इससे ड्राइवरों को वित्तीय सुरक्षा मिलने के साथ बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरणा भी मिलेगी।

सुरक्षा और गुणवत्ता पर भी कंपनी का खास फोकस है। सभी वाहनों में कैमरे, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और आधुनिक सुरक्षा तकनीकें लगाई गई हैं। वहीं ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण देकर ग्राहकों को प्रीमियम अनुभव देने की तैयारी की गई है।