नई दिल्ली : लग्जरी और परफॉर्मेंस कारों की दुनिया में जर्मन कार निर्माता Audi ने अपनी नई सुपरकार Nuvolari से पर्दा उठा दिया है। लगभग चार साल बाद सुपरकार सेगमेंट में वापसी करते हुए ऑडी ने ऐसी कार पेश की है, जो ताकत, तकनीक और एक्सक्लूसिविटी का अनोखा मिश्रण है। Audi की नई Nuvolari एक बेहद खास और सीमित संख्या में बनने वाली सुपरकार है। इसका नाम महान इटालियन रेसिंग ड्राइवर Tazio Nuvolari के सम्मान में रखा गया है। दुनिया भर में इसकी सिर्फ 499 कारें बनाई जाएंगी, इसलिए यह बेहद दुर्लभ और एक्सक्लूसिव होगी। कंपनी 2027 से इसकी डिलीवरी शुरू करेगी। इसकी शुरुआती कीमत करीब 5.8 करोड़ रुपये (करों और शुल्कों से पहले) रहने की उम्मीद है।
इस सुपरकार में 4.0-लीटर ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटरें लगी हैं। दोनों मिलकर कुल 987 हॉर्सपावर (bhp) की ताकत पैदा करते हैं। आम कारों में 80 से 150bhp तक की ताकत होती है। Nuvolari की पावर कई सामान्य कारों से 6 से 10 गुना ज्यादा है। यह कार सिर्फ 2.6 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है। इतनी तेजी से स्पीड बढ़ाना किसी रेसिंग कार या रॉकेट जैसी अनुभूति देता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 349 किमी/घंटा बताई गई है, जो भारत की अधिकांश सड़कों पर अनुमति प्राप्त गति सीमा से कई गुना ज्यादा है।
कार की बॉडी में कार्बन-फाइबर का इस्तेमाल किया गया है, जो स्टील से काफी हल्का और मजबूत होता है। साथ ही इसमें बड़े एयर इंटेक, एक्टिव एयरोडायनामिक्स और बड़ा रियर डिफ्यूजर दिया गया है, जो तेज रफ्तार पर कार को सड़क से चिपकाकर रखने में मदद करते हैं। Audi ने लग्जरी से ज्यादा ड्राइविंग अनुभव पर ध्यान दिया है। इसमें कार्बन-फाइबर बकेट सीट्स, रेसिंग कार जैसे कंट्रोल और सादा डैशबोर्ड दिया गया है। आजकल जहां ज्यादातर नई कारों में बड़ी-बड़ी स्क्रीन होती हैं, वहीं Nuvolari में ड्राइवर को सड़क और ड्राइविंग पर फोकस रखने के लिए स्क्रीन का इस्तेमाल सीमित रखा गया है।
Audi Nuvolari एक ऐसी सुपरकार है जो अत्याधुनिक तकनीक, हाइब्रिड पावर, जबरदस्त रफ्तार और बेहद सीमित उत्पादन के कारण दुनिया की सबसे खास और शक्तिशाली कारों में शामिल हो गई है। Nuvolari में Formula 1 से प्रेरित हाइब्रिड सिस्टम, एडवांस एक्टिव एयरोडायनामिक्स और हल्के निर्माण तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।
