नई दिल्ली : दिल्ली में E85 फ्यूल की बिक्री शुरू कर दी गई है, जिसकी कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। यह कीमत मौजूदा पेट्रोल के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत कम है। लेकिन असली तस्वीर थोड़ी अलग है।
E85 में 85 प्रतिशत एथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। इंडिया दुनिया के सबसे बड़े कच्चा तेल आयातकों में शामिल है। देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है। एथेनॉल का उत्पादन गन्ना, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों से देश में ही किया जाता है। इससे किसानों को नया बाजार मिलेगा, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। सरकार इसे देश में एथेनॉल आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है। हालांकि इस फ्यूल का फायदा उठाने के लिए सिर्फ सस्ती कीमत देखना काफी नहीं होगा।
ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों के अनुसार इंडिया में चल रही अधिकांश पेट्रोल कारें E20 फ्यूल तक के लिए तैयार हैं, लेकिन E85 के लिए विशेष फ्लेक्स-फ्यूल इंजन की जरूरत होती है। ऐसे इंजन अलग-अलग एथेनॉल मिश्रण के अनुसार खुद को एडजस्ट कर लेते हैं। सामान्य पेट्रोल कार में E85 का इस्तेमाल करने पर इंजन, फ्यूल पाइप और अन्य पुर्जों को नुकसान पहुंच सकता है।
E85 की सबसे बड़ी चुनौती इसका माइलेज है। एथेनॉल में पेट्रोल की तुलना में कम ऊर्जा होती है, इसलिए वाहन को समान दूरी तय करने के लिए अधिक फ्यूल की जरूरत पड़ती है। मान लीजिए कि आपकी कार पेट्रोल पर 15 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है। पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर है। 102.12 रुपये खर्च करके आप 15 किलोमीटर चलेंगे। इस हिसाब से आपकी कार को 1 किलोमीटर चलाने का खर्च करीब 6.81 रुपये पड़ेगा।
E85 की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर है, लेकिन एथेनॉल की वजह से माइलेज घटकर लगभग 11.25 किलोमीटर प्रति लीटर रह सकता है। 82.12 रुपये खर्च करके आप सिर्फ 11.25 किलोमीटर ही चल पाएंगे। इस स्थिति में 1 किलोमीटर चलाने का खर्च करीब 7.30 रुपये पड़ेगा। E85 की कीमत पेट्रोल से कम है, लेकिन माइलेज भी कम मिलता है। इसलिए सस्ता फ्यूल होने के बावजूद गाड़ी चलाने का खर्च कम होने की गारंटी नहीं है। इस उदाहरण में तो पेट्रोल पर 1 किलोमीटर चलाने का खर्च 6.81 रुपये है, जबकि E85 पर 7.30 रुपये पड़ रहा है।पेट्रोल से करीब 49 पैसे प्रति किलोमीटर ज्यादा खर्च हो रहा है।
