एक बार चार्ज करने पर चलेगी 683 किमी
नई दिल्ली। Mahindra अपनी इलेक्ट्रिक SUV BE 6 का नया Sporteq Edition लेकर आ रही है। कंपनी ने इसका टीजर जारी कर दिया है। इसे 15 अगस्त 2026 को भारत में लॉन्च किया जाएगा। सबसे बड़ा बदलाव इसके केबिन में देखने को मिलेगा, जहां पहली बार तीन स्क्रीन वाला डैशबोर्ड सेटअप मिलेगा। इसमें आगे बैठे पैसेंजर के लिए भी अलग स्क्रीन होगी। नए एडिशन की कीमत का ऐलान 15 अगस्त को किया जाएगा।
BE 6 Sporteq Edition की सबसे बड़ी खासियत इसका नया डैशबोर्ड है। इसमें ड्राइवर और सेंटर स्क्रीन के अलावा फ्रंट पैसेंजर के लिए तीसरी स्क्रीन दी जाएगी। यह सेटअप Mahindra की XEV 9e और XEV 9s में देखे गए सिस्टम जैसा होगा। इससे आगे बैठे पैसेंजर को भी कार के इंफोटेनमेंट और दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल करने का अलग इंटरफेस मिल सकता है।
Sporteq Edition को नया लुक देने के लिए Mahindra इसमें मैट ग्रे एक्सटीरियर कलर देगी। यह रंग BE 6 के स्पोर्टी डिजाइन को और ज्यादा आकर्षक बना सकता है। केबिन में भी बदलाव किया गया है। सीटों और अपहोल्स्ट्री को नए ब्राउन थीम में तैयार किया गया है, जिससे इंटीरियर पहले से ज्यादा प्रीमियम नजर आएगा।
BE 6 पहले से ही कई आधुनिक फीचर्स के साथ आती है। Sporteq Edition में भी इनमें से ज्यादातर फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें ADAS, पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, रियर सीट रिक्लाइनिंग, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा 65W Type-C चार्जिंग पोर्ट और DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी मिलेगी।इसकी रेंज 683 किमी तक है। यानी एक बार फुल चार्ज करने पर लंबी दूरी तय करने की क्षमता इसमें मिलेगी।
