Make in India को बिग बूस्ट, अब भारत में ही बनेंगे Laptop-Desktop के मदरबोर्ड!

Make in India को बिग बूस्ट, अब भारत में ही बनेंगे Laptop-Desktop के मदरबोर्ड!

• विदेशी कंपनियों को मोदी सरकार का झटका! भारत में बनाना होगा मदरबोर्ड

• Laptop और Server बनाने वाली कंपनियों के लिए बदले नियम, मई 2027 से होगा लागू

• भारत बनेगा IT Hardware Manufacturing Hub, में बढ़ेगी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग

सरकारी खरीद में अब नहीं चलेगी केवल विदेशी असेंबली, भारत में बनाना होगा मदरबोर्ड

नई दिल्ली। भारत को ग्लोबल इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब सरकारी विभागों के लिए Laptop, Desktop, Server और अन्य IT Hardware की सप्लाई करने वाली कंपनियों को भारत में ही ज्यादा निर्माण करना होगा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सरकारी खरीद में स्थानीय सामग्री (DVA) की गणना के नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत मदरबोर्ड की असेंबली और अंतिम टेस्टिंग भारत में करना अनिवार्य होगा। ये नियम मई 2027 से लागू होंगे।

सरकार का मकसद केवल भारत में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की असेंबली बढ़ाना नहीं, बल्कि देश में तकनीकी क्षमता, रिसर्च, डिजाइन और स्थानीय सप्लाई चेन को मजबूत करना है। इससे घरेलू कंपनियों के साथ भारत में मैन्युफैक्चरिंग करने वाली विदेशी कंपनियों को भी नए अवसर मिल सकते हैं।

MeitY के नए नियम छह श्रेणियों पर लागू होंगे। इनमें Desktop और All-in-One PC, Laptop, Thin Client, Server, Computer Monitor और Interactive Flat Panel Display शामिल हैं।

नए नियमों की सबसे महत्वपूर्ण शर्त मदरबोर्ड से जुड़ी है। सरकारी खरीद के लिए पात्रता हासिल करने हेतु कंपनियों को मदरबोर्ड की Surface Mount Technology (SMT) असेंबली भारत में करनी होगी। इसके साथ उत्पाद की अंतिम टेस्टिंग भी देश में ही करनी होगी।

नए DVA नियमों में मदरबोर्ड असेंबली को उत्पाद की कुल Bill of Materials (BoM) का 15 से 25 प्रतिशत महत्व दिया गया है। वहीं Bare PCB Manufacturing को 10 प्रतिशत और RAM तथा Storage Assembly को अधिकतम 10 प्रतिशत का महत्व मिलेगा।

कंपनियों को RAM और SSD की असेंबली, टेस्टिंग और पैकेजिंग भारत में करने पर स्थानीय मूल्यवर्धन का लाभ मिलेगा। इसके अलावा भारतीय सप्लायर्स से Bare PCB, चेसिस और पावर मॉड्यूल खरीदने को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

सरकार ने घरेलू रिसर्च और डिजाइन को भी नए नियमों में महत्व दिया है। भारत में की गई इन-हाउस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) को BoM का 8 प्रतिशत महत्व मिलेगा। वहीं भारतीय डिजाइन और Intellectual Property Rights (IPR) को 8 से 10 प्रतिशत तक का महत्व दिया जाएगा।

MeitY की अधिसूचना के मुताबिक, नए प्रावधान आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के छह महीने बाद लागू होंगे। निर्धारित समयसीमा के अनुसार मई 2027 से कंपनियों को इन नियमों का पालन करना होगा। सरकार की यह पहल भारत में कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर निर्माण को नई गति देने के साथ घरेलू तकनीक, रोजगार और स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।