Ampere Reo VYB EV: बिना लाइसेंस चलने वाला नया ई-स्कूटर लॉन्च

Ampere Reo VYB EV: बिना लाइसेंस चलने वाला नया ई-स्कूटर लॉन्च

·       64,999 रुपये में 80KM रेंज वाला नया इलेक्ट्रिक स्कूटर

·       LED DRL, रिवर्स मोड और कीलेस स्टार्ट, फीचर्स से भरपूर नया EV

भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग के बीच Ampere Electric ने अपना नया लो-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर Reo VYB लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे 69,499  रुपये  (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर पेश किया है। यह स्कूटर खास तौर पर पहली बार ईवी खरीदने वालों, छात्रों, महिलाओं और टियर-2 व टियर-3 शहरों के ग्राहकों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

Ampere Reo VYB की सबसे बड़ी खासियत इसकी 25 किमी/घंटा की अधिकतम रफ्तार है। भारत के नियमों के अनुसार इस स्पीड कैटिगरी के इलेक्ट्रिक स्कूटर को चलाने के लिए न तो ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत होती है और न ही आरटीओ रजिस्ट्रेशन की। यह स्कूटर 18 साल से कम उम्र के युवाओं और दैनिक छोटी दूरी की यात्रा करने वालों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकता है।

नया Reo VYB कंपनी के मौजूदा Reo 80 से ऊपर पोजिशन किया गया है। इसमें स्पोर्टी स्टेप-थ्रू बॉडी स्टाइल, फ्रंट एप्रन पर हेडलाइट्स, LED DRLs और साइड पैनल्स पर एम्बिएंट लाइटिंग दी गई है, जो इस कीमत के स्कूटर में काफी खास मानी जा रही है। स्कूटर चार रंगों Warm White, Pastel Purple, Dark Grey और Aqua Metallic में मिलता है।

Reo VYB में 1.44 kWh की LFP (लिथियम फेरो फॉस्फेट) बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह स्कूटर एक बार चार्ज होने पर 80 किलोमीटर तक की रेंज देता है। खास बात यह है कि कंपनी ने 80 किमी को सिर्फ IDC रेंज ही नहीं बल्कि वास्तविक उपयोग की रेंज भी बताया है।

स्कूटर के रियर व्हील में 0.25 kW की हब मोटर लगाई गई है, जो 35 Nm का पीक टॉर्क पैदा करती है। इसकी टॉप स्पीड 25 किमी/घंटा है, जबकि 0 से 100 प्रतिशत चार्ज होने में लगभग 5 घंटे 30 मिनट का समय लगता है।

कंपनी का दावा है कि बैटरी की लाइफ 1 लाख किलोमीटर तक हो सकती है। हालांकि आधिकारिक वारंटी 3 वर्ष या 30,000 किलोमीटर (जो पहले पूरा हो) की दी गई है।

Ampere Reo VYB को खास तौर पर पहली बार इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वाले, कॉलेज और स्कूल जाने वाले युवा , महिलाओं, टियर-2 और टियर-3 शहरों के ग्राहक  और लास्ट-माइल डिलिवरी सेवाओं के लिअ डिजाइन किया गया है।