नई दिल्ली: दुनिया भर में इलेक्ट्रिक कारों की रेस के बीच Audi Q4 e-tron का नया फेसलिफ्ट अवतार स्टाइल, टेक्नोलॉजी और रेंज तीनों में बड़ा अपग्रेड लेकर आया है। Audi ने इस अपडेटेड मॉडल को SUV और Sportback दोनों बॉडी स्टाइल में पेश किया है, जिससे ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे। यह मॉडल फिलहाल कंपनी का एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक व्हीकल बना रहेगा, जब तक 2026 में नई A2 e-tron लॉन्च नहीं होती।
नई Q4 e-tron Facelift में कंपनी ने पुराना लुक बरकरार रखते हुए उसे और ज्यादा शार्प और मॉडर्न बनाया है। आगे की तरफ कस्टमाइजेबल LED DRLs और Matrix LED हेडलैम्प्स दिए गए हैं, जो इसे काफी प्रीमियम लुक देते हैं। बॉडी-कलर ग्रिल, ग्लॉस ब्लैक एलिमेंट्स और सिल्वर एक्सेंट इसे और स्टाइलिश बनाते हैं। एयरोडायनामिक्स को बेहतर करने के लिए बंपर में फंक्शनल एयर इंटेक्स जोड़े गए हैं। साइड प्रोफाइल में मजबूत कैरेक्टर लाइन्स और क्रोम डिटेलिंग बरकरार है, जबकि 19 से 21 इंच तक के नए अलॉय व्हील्स के ऑप्शन मिलते हैं। पीछे की तरफ कनेक्टेड OLED टेललाइट्स और नया बंपर डिजाइन इसे और फ्यूचरिस्टिक टच देते हैं।
केबिन में Audi ने ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया है, जिसमें 11.9-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 12.8-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और ऑप्शनल 12-इंच का पैसेंजर डिस्प्ले शामिल है। इसके साथ ही ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले से ड्राइविंग अनुभव और हाईटेक हो जाता है। अब फिजिकल क्लाइमेट कंट्रोल बटन हटा दिए गए हैं और सभी कंट्रोल्स टचस्क्रीन में इंटीग्रेट कर दिए गए हैं। नया सेंटर कंसोल, टच और रोलर कंट्रोल वाला स्टीयरिंग व्हील और बेहतर लेआउट इसे और प्रीमियम बनाते हैं। बूट स्पेस 515 लीटर है, जिसे सीट फोल्ड करने पर 1487 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है।
इसमें 59 kWh और 77 kWh बैटरी पैक के साथ नया APP350 इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जिससे एफिशिएंसी लगभग 10% तक बढ़ गई है। रियर-व्हील ड्राइव वर्जन करीब 286 hp और 545 Nm टॉर्क देता है और एक बार चार्ज करने पर 592 किमी तक की रेंज देता है। वहीं ऑल-व्हील ड्राइव वर्जन में पावर बढ़कर 340 hp तक पहुंच जाती है, जिसकी रेंज लगभग 554 किमी है। यह 185 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, जिससे बैटरी सिर्फ 27 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज हो सकती है। इतना ही नहीं, सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग से करीब 185 किमी की रेंज मिल सकती है, जो इसे लॉन्ग ड्राइव के लिए और भी प्रैक्टिकल बनाता है।
जर्मनी में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 47,500 यूरो (करीब ₹52.5 लाख) से शुरू होती है, जबकि Sportback वर्जन करीब 49,450 यूरो (लगभग ₹54.7 लाख) से मिलता है। भारत में इसके लॉन्च को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अगर यह यहां आता है, तो यह Audi की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार बन सकती है।
