1.26 करोड़ में Volvo EX90 लॉन्च, 5.5 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार

1.26 करोड़ में Volvo EX90 लॉन्च, 5.5 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार

एक चार्ज में दौड़ेगी 725 किमी, बुकिंग शुरू, जनवरी 2027 से डिलिवरी

456 हॉर्सपावर की ताकत, 670Nm टॉर्क! Volvo EX90 ने लग्जरी EV बाजार में मारी एंट्री

31 दिसंबर तक बुकिंग पर चार्जर और सर्विस पैकेज का फायदा

5 कैमरे, 5 रडार और 12 सेंसर! 25 स्पीकर, 1,610 वॉट की ताकत और छह लग्जरी सीटें

स्वीडिश लग्जरी कार निर्माता वॉल्वो ने भारतीय बाजार में अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक फ्लैगशिप SUV Volvo EX90 लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.26 करोड़ रुपये रखी गई है। छह सीटों वाली यह प्रीमियम SUV कंपनी की भारत में पहली सॉफ्टवेयर-डिफाइंड व्हीकल (SDV) है। इसमें दमदार परफॉर्मेंस, एडवांस्ड सेफ्टी टेक्नोलॉजी, प्रीमियम इंटीरियर और लंबी ड्राइविंग रेंज का शानदार कॉम्बिनेशन मिलता है।

वॉल्वो EX90 की बुकिंग शुरू हो गई है। नवंबर 2026 से ग्राहक इसका एक्सपीरियंस और टेस्ट ड्राइव ले सकेंगे, जबकि डिलीवरी जनवरी 2027 से शुरू होने की तैयारी है। 31 दिसंबर 2026 तक बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को इंट्रोडक्टरी ऑफर के तहत 11kW वॉल बॉक्स चार्जर और तीन साल का सर्विस पैकेज मिलेगा। कंपनी की डीलरशिप की ओर से तीन साल बाद कार की कीमत के 65 फीसदी तक के बायबैक ऑफर का भी प्रावधान है।

Volvo EX90 में 106kWh की हाई-वोल्टेज लिथियम-आयन बैटरी और ट्विन-मोटर सेटअप दिया गया है। यह 335kW यानी 456 हॉर्सपावर की पावर और 670Nm का टॉर्क जनरेट करती है। SUV महज 5.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

कंपनी के मुताबिक, इसकी अनुमानित WLTP रेंज 625 किलोमीटर तक है, जबकि ICAT से प्रमाणित रेंज 725 किलोमीटर तक बताई गई है। दोनों आंकड़े अलग-अलग परीक्षण मानकों पर आधारित हैं।

EX90 को वॉल्वो के नए SPA2 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें NVIDIA DRIVE प्लेटफॉर्म और Qualcomm Snapdragon 8155 कॉकपिट टेक्नोलॉजी मिलती है। इसका 14.5 इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन गूगल के इन-बिल्ट इकोसिस्टम के साथ आता है। इसमें Google Maps, YouTube और Amazon Prime Video जैसे फीचर्स शामिल हैं।

वॉल्वो EX90 में सुरक्षा पर खास ध्यान दिया गया है। इसमें पांच कैमरे, पांच रडार और 12 अल्ट्रासोनिक सेंसर दिए गए हैं। SUV में 3D व्यू वाला 360-डिग्री कैमरा, पायलट असिस्ट, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑक्यूपेंट सेंसिंग टेक्नोलॉजी और टक्कर से बचाव करने वाले सिस्टम शामिल हैं। EX90 का केबिन स्कैंडिनेवियाई डिजाइन और प्रीमियम फिनिश के साथ आता है। इसमें बैकलिट वुड डेकोर, डॉन कलर की वेंटिलेटेड नैप्पा लेदर सीटें, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और पैनोरमिक इलेक्ट्रोक्रोमिक सनरूफ दी गई है।

म्यूजिक पसंद करने वालों के लिए इसमें 25 स्पीकर वाला Bowers & Wilkins हाई-फिडेलिटी साउंड सिस्टम मिलता है। 1,610 वॉट के इस ऑडियो सिस्टम में Dolby Atmos और Abbey Road Studio मोड भी दिए गए हैं। Volvo EX90 को डेनिम ब्लू, सैंड ड्यून, मल्बेरी रेड, क्रिस्टल व्हाइट, ओनिक्स ब्लैक और वेपर ग्रे रंगों में पेश किया जाएगा।  वॉल्वो ने अपने 90-90 शोकेस के दौरान पूरी तरह इलेक्ट्रिक लग्जरी सेडान ES90 की भी आधिकारिक झलक दिखाई।