delhivery का EV मास्टरप्लान! दिल्ली-NCR की सड़कों पर दौड़ेंगे 2,000 ई-व्हीकल्स

delhivery का EV मास्टरप्लान! दिल्ली-NCR की सड़कों पर दौड़ेंगे 2,000 ई-व्हीकल्स

• लॉजिस्टिक्स सेक्टर में इलेक्ट्रिक क्रांति, delhivery का तीन साल में 5,000 EV का टारगेट

अब इलेक्ट्रिक गाड़ियों से होगी सामान की डिलीवरी, 13 फीसदी से 50 फीसदी तक पहुंचेगी EV की हिस्सेदारी

शहरों में बदलेगा डिलीवरी का अंदाज, प्रदूषण पर वार और खर्च में कटौती

देश की दिग्गज लॉजिस्टिक्स कंपनी delhivery (Delivery) शहरी परिवहन की तस्वीर बदलने की तैयारी में है। कंपनी अगले 12 से 18 महीनों में अपने इंट्रा-सिटी नेटवर्क में 1,500 से 2,000 इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन उतारेगी। इसके साथ ही अगले तीन वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाकर करीब 5,000 करने का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी अपने शहरी डिलीवरी बेड़े में ईवी की हिस्सेदारी मौजूदा 12-13 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी तक पहुंचाना चाहती है। इसके लिए टाटा मोटर्स, यूलर मोटर्स और मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक के साथ साझेदारी की गई है।

देश में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। अब इस दौड़ में लॉजिस्टिक्स सेक्टर भी बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। delhivery की नई योजना से शहरी सामान की डिलीवरी में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ सकता है। कंपनी का फोकस खासतौर पर कम दूरी वाले डिलीवरी रूट पर है, जहां इलेक्ट्रिक वाहन डीजल गाड़ियों को लागत के मामले में कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

delhivery ने इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए टाटा मोटर्स, यूलर मोटर्स और मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक के साथ साझेदारी की है। इसके तहत अलग-अलग क्षमता और जरूरत के वाहन बेड़े में शामिल किए जाएंगे। शुरुआत छोटे शहरी डिलीवरी वाहनों से होगी। बाद में ज्यादा सामान ढोने की क्षमता वाले वाहन भी शामिल किए जाएंगे।

कंपनी के बेड़े में टाटा मोटर्स की Intra EV, यूलर मोटर्स की Turbo City Plus और मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक की EVIATOR जैसी गाड़ियां शामिल की जाएंगी। इससे कंपनी को अलग-अलग तरह की डिलीवरी जरूरतों के हिसाब से इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।

delhivery की रणनीति रोजाना 200 किलोमीटर से कम चलने वाले वाहनों को इलेक्ट्रिक बनाने की है। कंपनी का मानना है कि ऐसे रूट पर ईवी का इस्तेमाल ज्यादा किफायती साबित हो सकता है। इनमें ईंधन खर्च और रखरखाव की लागत कम होने से कुल परिचालन खर्च घटाया जा सकता है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर में चार्जिंग सुविधाओं का पायलट प्रोजेक्ट चला रही है। इसके तहत वेंडर पार्टनर्स को कम लागत पर चार्जिंग और मुफ्त पार्किंग की सुविधा देने की योजना है।

कंपनी अगले चार से पांच वर्षों में 200 किलोमीटर से कम दूरी वाले अपने पूरे वाहन बेड़े को इलेक्ट्रिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके साथ ही डिलीवरी नेटवर्क को बेहतर बनाकर अनावश्यक दूरी कम करने पर भी जोर रहेगा। इस पहल से शहरी प्रदूषण घटाने, डीजल पर निर्भरता कम करने और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।