Make in India पर Honda का भरोसा, भारत बनेगा प्रीमियम बाइक और EV का बड़ा हब

Make in India पर Honda का भरोसा, भारत बनेगा प्रीमियम बाइक और EV का बड़ा हब

नई बाइक, नए EV और बड़ी फैक्टरी… Honda का तिहरा दांव

200cc+ सेगमेंट पर Hondaकी नजर,  80 लाख यूनिट सालाना उत्पादन का लक्ष्य

Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने भारतीय बाजार के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। कंपनी इस साल 200cc से ऊपर की 2-3 नई प्रीमियम मोटरसाइकिलें और नए इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी। इसके साथ ही Honda अपनी फैक्टरी क्षमता भी बढ़ा रही है, ताकि आने वाले वर्षों में भारत कंपनी की सबसे बड़ी उत्पादन और निर्यात इकाइयों में शामिल हो सके। कंपनी का कहना है कि अब भारतीय ग्राहक सिर्फ माइलेज वाली बाइक नहीं, बल्कि स्टाइलिश, दमदार और प्रीमियम मोटरसाइकिलें भी खरीदना चाहते हैं। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए Honda अपने प्रीमियम पोर्टफोलियो को तेजी से मजबूत करेगी।

वित्त वर्ष 2025-26 में Honda ने 31.6 लाख स्कूटर और 25.9 लाख मोटरसाइकिलें बेचीं। हालांकि उसकी बाइक बिक्री का 81% हिस्सा 110cc-125cc सेगमेंट से आता है। वहीं 151cc-350cc सेगमेंट की हिस्सेदारी सिर्फ 13% है। इसी वजह से कंपनी अब बड़ी क्षमता वाली बाइकों पर फोकस बढ़ा रही है।

Honda के अध्यक्ष और सीईओ त्सुत्सुमु ओतानी ने कहा कि बढ़ती आय और लोगों की बदलती पसंद के कारण प्रीमियम बाइक बाजार तेजी से बढ़ रहा है। कंपनी भारत के लिए अधिक लोकलाइज्ड मॉडल तैयार कर रही है, ताकि कीमतें प्रतिस्पर्धी रखी जा सकें।

कंपनी राजस्थान के टपूकड़ा और गुजरात के विठलापुर प्लांट में सालाना 6.5-6.5 लाख यूनिट उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है। इसके बाद वित्त वर्ष 2028 तक Honda की कुल उत्पादन क्षमता करीब 80 लाख (8 मिलियन) यूनिट सालाना हो जाएगी।

Honda इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी। कंपनी ने पुष्टि की है कि इस साल नए इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किए जाएंगे। हालांकि उसका मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी निर्भर करेगी।