Mercedes S-Class एक चार्ज में चलेगी 115 किमी ! कीमत 2.20 करोड़ से शुरू

Mercedes S-Class एक चार्ज में चलेगी 115 किमी ! कीमत 2.20 करोड़ से शुरू

पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का दमदार संगम है नई S-Class, 2,700 से ज्यादा बदलाव

लग्जरी SUV 5.7 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार, 32.3 KMPL माइलेज का दावा

नई दिल्ली। लग्जरी कारों की दुनिया में Mercedes-Benz ने एक बार फिर बड़ा धमाका कर दिया है। कंपनी ने भारत में अपनी फ्लैगशिप सेडान S-Class का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। पहली बार S-Class को भारत में Plug-in Hybrid तकनीक के साथ उतारा गया है। यह कार पेट्रोल और बिजली दोनों की ताकत के साथ चलेगी। कंपनी का दावा है कि नई S-Class केवल बैटरी के दम पर 115 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है, जो रोजाना शहर में आने-जाने वाले कई ग्राहकों के लिए पेट्रोल की जरूरत लगभग खत्म कर सकता है।

Mercedes-Benz का कहना है कि यह मौजूदा S-Class पीढ़ी का अब तक का सबसे बड़ा और व्यापक अपडेट है। कंपनी ने कार में 2,700 से ज्यादा नए या अपडेटेड पार्ट्स लगाए हैं। डिजाइन, लाइटिंग सिस्टम, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सुरक्षा फीचर्स, आरामदायक केबिन और रियर सीट लग्जरी तक लगभग हर हिस्से को पहले से बेहतर बनाया गया है। नई Mercedes S 450e Plug-in Hybrid में 3.0-लीटर इनलाइन 6-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे 163 हॉर्सपावर की इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा गया है। दोनों मिलकर कुल 435 हॉर्सपावर की ताकत और 680 Nm का जबरदस्त टॉर्क पैदा करते हैं। इतनी ताकत के दम पर यह लग्जरी सेडान महज 5.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किलोमीटर प्रति घंटा है।

कार में 22 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जिसकी बदौलत यह 115 किलोमीटर तक सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है। Plug-in Hybrid तकनीक की मदद से यह कार 32.3 किलोमीटर प्रति लीटर तक की संयुक्त ईंधन दक्षता (WLTP) हासिल कर सकती है।

नई S-Class में 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है, जबकि पावर पिछले पहियों तक भेजी जाती है। इसके साथ अत्याधुनिक डिजिटल इंटरफेस, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए और भी शानदार लग्जरी फीचर्स जोड़े गए हैं। Mercedes-Benz ने नई S-Class की बुकिंग शुरू कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.20 करोड़ से 2.38 करोड़ रुपये के बीच रखी गई है। कंपनी के अनुसार ग्राहकों को डिलीवरी 2026 की चौथी तिमाही से मिलनी शुरू होगी।