Ducati की नई सुपरबाइक लॉन्च, रेसिंग ट्रैक पर रफ्तार का तूफान

Ducati की नई सुपरबाइक लॉन्च, रेसिंग ट्रैक पर रफ्तार का तूफान

2027 में भारत आएगी नई बाइक, नई बाइक में 218 hp की पावर

15,000 rpm तक दौड़ेगी बाइक! हर लैप में 0.4 सेकंड का सुधार

187 किलो वजन और 218 hp की ताकत, सिर्फ रफ्तार नहीं, कंट्रोल भी शानदार

सुपरबाइक की दुनिया में Ducati ने अपनी नई Panigale V4 2027 से पर्दा उठा दिया है। रफ्तार, सटीक कंट्रोल और रेसिंग परफॉर्मेंस को नई ऊंचाई देने के लिए कंपनी ने इस बाइक के इंजन से लेकर चेसिस और इलेक्ट्रॉनिक्स तक में बड़े बदलाव किए हैं। नई Panigale V4 अब 218 hp की अधिकतम पावर देती है। इसके इंजन का रेव लिमिटर दूसरे से पांचवें गियर तक 15,000 rpm पर पहुंच गया है। कंपनी के मुताबिक, इटली के वैलेलुंगा रेसिंग सर्किट में इस बाइक ने पिछले मॉडल के मुकाबले औसतन 0.4 सेकंड बेहतर लैप टाइम दर्ज किया है। Ducati के मुताबिक, नई Panigale V4 के 2027 में भारत पहुंचने की उम्मीद है।
Ducati ने नई Panigale V4 को खास तौर पर ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार किया है। इसका मकसद सिर्फ टॉप स्पीड बढ़ाना नहीं, बल्कि ब्रेकिंग, कॉर्नरिंग और मोड़ से बाहर निकलते समय बाइक को ज्यादा प्रभावी बनाना भी है। नई Ducati Panigale V4 S में 1,103cc का Desmosedici Stradale इंजन दिया गया है। यह इंजन 13,500 rpm पर अधिकतम 218 hp की पावर और 11,000 rpm पर 120.6 Nm का टॉर्क पैदा करता है। पिछले मॉडल के मुकाबले इसकी पावर में 2 hp की बढ़ोतरी हुई है।
कंपनी के मुताबिक, 12,000 से 14,000 rpm के बीच इंजन के प्रदर्शन में खास सुधार हुआ है। 13,000 rpm पर अधिकतम 3.5 hp तक का अतिरिक्त फायदा मिलता है।
Ducati ने नई Panigale V4 के चेसिस में भी अहम बदलाव किए हैं। इससे तेज गति पर बाइक को ज्यादा झुकाने के दौरान टायर का सड़क से संपर्क बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। बाइक का फ्रंट एंड ज्यादा सटीक प्रतिक्रिया देता है और राइडर को मोड़ के अंदर सही लाइन पकड़ने में मदद मिलती है। इससे कॉर्नर से बाहर निकलते समय पहले एक्सीलरेटर खोलना भी आसान हो सकता है। जो राइडर ट्रैक पर और ज्यादा प्रदर्शन चाहते हैं, उनके लिए Akrapovič Full Racing Exhaust PRO भी उपलब्ध होगा। कंपनी के मुताबिक, इस एग्जॉस्ट से 11 hp अतिरिक्त पावर और 7 Nm अतिरिक्त टॉर्क मिलता है।
नई Panigale V4 S में Dynamic Engine Brake और Race Brake Control जैसे नए फीचर मिलते हैं। बाइक में 6.9 इंच का फुल-TFT डैशबोर्ड दिया गया है। Ducati Electronic Suspension 3.0, Öhlins Smart EC 3.0 कंट्रोल सिस्टम, Brembo Hypure मोनोब्लॉक कैलिपर्स और Pirelli Diablo Supercorsa V4 टायर जैसे प्रीमियम हार्डवेयर भी मिलते हैं।
Panigale V4 S का बिना ईंधन वजन 187 किलोग्राम है, जबकि स्टैंडर्ड Panigale V4 का वजन 191 किलोग्राम है।
Ducati के कुल 11 रंग विकल्पों में Lamborghini के Ad Personam प्रोग्राम से लिए गए पांच रंग भी शामिल हैं।