कैमरे का खेल! बेस मॉडल में 12MP, Pro और Ultra में 16 MP सेल्फी कैमरा
S27 और S27+ में नहीं मिलेगा नया सेल्फी कैमरा! S27 की कीमत करीब ₹87,000 से शुरू होने की उम्मीद, S27+ भी होगा महंगा
Samsung Galaxy S27 में ट्रिपल कैमरा सेटअप बरकरार, 50MP प्राइमरी कैमरे में हो सकता है अपग्रेड
स्मार्टफोन बाजार में Samsung की अगली फ्लैगशिप सीरीज Galaxy S27 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी अगले साल की शुरुआत में Galaxy S27 सीरीज पेश कर सकती है। इस बार सीरीज में चार स्मार्टफोन आने की संभावना है। इनमें Galaxy S27, Galaxy S27+, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra शामिल हो सकते हैं। Galaxy S27 और Galaxy S27+ में पुराने 12MP सेल्फी कैमरे को ही बरकरार रखा जा सकता है। वहीं, ज्यादा प्रीमियम Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में 16MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है।
GalaxyClub की रिपोर्ट के अनुसार, Samsung अपने Galaxy S27 और Galaxy S27+ स्मार्टफोन में 12MP का फ्रंट कैमरा दे सकती है। इसका मतलब है कि इन दोनों फोन में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए बड़े कैमरा अपग्रेड की उम्मीद फिलहाल कम है। Samsung Galaxy S23 सीरीज से ही अपने फ्लैगशिप फोन में 12MP सेल्फी कैमरे का इस्तेमाल करती आ रही है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो Galaxy S27 और S27+ में भी यही सिलसिला जारी रह सकता है।
स्टैंडर्ड मॉडल से अलग Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में 16MP का फ्रंट कैमरा दिए जाने की चर्चा है। यह कथित तौर पर Galaxy S26 Ultra के 12MP सेल्फी कैमरे से ज्यादा रिजॉल्यूशन वाला होगा।
हालांकि, सिर्फ मेगापिक्सल बढ़ने से तस्वीरों की गुणवत्ता बेहतर होने की गारंटी नहीं होती। कैमरा सेंसर, इमेज प्रोसेसिंग और सॉफ्टवेयर भी फोटो की क्वालिटी में अहम भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, Galaxy S27 और Galaxy S27+ में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप बरकरार रह सकता है। इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 12MP का अल्ट्रावाइड कैमरा और 10MP का टेलीफोटो कैमरा मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, कंपनी 50MP के मुख्य कैमरे को अपग्रेड कर सकती है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें नया सेंसर मिलेगा या कैमरा हार्डवेयर और इमेज प्रोसेसिंग में किस तरह के बदलाव किए जाएंगे।
रिपोर्ट में Samsung Galaxy S27 की शुरुआती कीमत अमेरिका और दक्षिण कोरिया में 899 डॉलर बताई गई है। दूसरे वैश्विक बाजारों में इसकी शुरुआती कीमत 999 डॉलर हो सकती है। भारतीय रुपये में यह रकम मोटे तौर पर क्रमशः 87,000 रुपये और 97,000 रुपये के आसपास बैठती है।
वहीं, Galaxy S27+ की शुरुआती कीमत अमेरिका और दक्षिण कोरिया में 1,099 डॉलर और दूसरे वैश्विक बाजारों में 1,199 डॉलर बताई गई है। भारतीय मुद्रा में ये रकम करीब 1.06 लाख और 1.16 लाख रुपये के बराबर हैं।
