• सात सीटें, इलेक्ट्रिक पावर और जबरदस्त सुरक्षा! Mahindra XEV 9S ने रचा इतिहास
• क्रैश टेस्ट में महिंद्रा का धमाका, XEV 9S ने 81 में से बटोरे 76.15 अंक
• महिंद्रा की तीनों इलेक्ट्रिक SUV फाइव स्टार, XEV 9S ने भी गाड़े झंडे
देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S ने सुरक्षा के मोर्चे पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (Bharat NCAP) के क्रैश टेस्ट में इस इलेक्ट्रिक SUV को शानदार 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। खास बात यह है कि XEV 9S भारत में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली सात सीटों वाली इलेक्ट्रिक SUV बन गई है। इतना ही नहीं, अब तक Bharat NCAP के तहत परीक्षण किए गए सात सीटों वाले वाहनों में इसने सबसे ज्यादा अंक हासिल किए हैं।
महिंद्रा XEV 9S ने कुल 81 अंकों में से 76.15 अंक हासिल किए हैं। यह स्कोर सात सीटों वाले वाहनों में अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन है। एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (AOP) यानी वयस्क यात्रियों की सुरक्षा में SUV को 32 में से 31.15 अंक मिले। वहीं, चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (COP) यानी बच्चों की सुरक्षा के मामले में इसने 49 में से 45 अंक हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन ने साबित किया है कि महिंद्रा अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों में केवल रेंज, डिजाइन और तकनीक पर ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी खास ध्यान दे रही है।
XEV 9S में सुरक्षा के लिए सात एयरबैग दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें लेवल 2+ एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) मिलता है। यह सिस्टम पांच रडार और एक विजन कैमरे की मदद से काम करता है। इससे ड्राइविंग के दौरान संभावित खतरों को पहचानने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलती है।
SUV में ड्राइवर की थकान और नींद का पता लगाने के लिए DOMS (Eyedentity) फीचर भी दिया गया है। इसके साथ Secure360 Pro की सुविधा मिलती है, जो लाइव व्यूइंग, रिकॉर्डिंग और कम्युनिकेशन की सुविधा प्रदान करती है।
इस उपलब्धि के साथ महिंद्रा के INGLO प्लेटफॉर्म पर आधारित तीनों इलेक्ट्रिक Origin SUV को Bharat NCAP से 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है। XEV 9S से पहले XEV 9e और BE 6 भी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटोमोटिव बिजनेस के प्रेसिडेंट और महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल के मैनेजिंग डायरेक्टर आर. वेलुसामी ने कहा कि यह रेटिंग ग्राहकों का भरोसा और मजबूत करेगी।
