नई दिल्ली। प्रीमियम कार निर्माता MINI India ने साल 2026 की पहली छमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए 70% सालाना वृद्धि दर्ज की है। जनवरी से जून 2026 के बीच कंपनी ने 504 कारें ग्राहकों को डिलीवर कीं। इस प्रदर्शन के साथ MINI ने भारतीय प्रीमियम कार बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी का संकेत दिया है। कंपनी के मुताबिक, MINI Countryman सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली कार रही। इसके बाद MINI Convertible और MINI Hatch का नंबर रहा। जून के मध्य में लॉन्च हुई नई MINI Countryman C को भी ग्राहकों से शानदार रेस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे आने वाले महीनों में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।
MINI India के प्रेसिडेंट और CEO हरदीप सिंह बराड़ ने कहा कि कंपनी की 70% वृद्धि ग्राहकों के बीच MINI के अलग डिजाइन, शानदार ड्राइविंग अनुभव और प्रीमियम लाइफस्टाइल अपील का प्रमाण है। भारत में स्थानीय स्तर पर तैयार की जा रही MINI Countryman C कंपनी की आगे की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभाएगी और ज्यादा ग्राहकों तक MINI को पहुंचाने में मदद करेगी।
2026 में MINI ने अपने Cooper S Victory Edition और Convertible JCW Pack जैसे स्पेशल एडिशन भी पेश किए, जिन्हें ग्राहकों ने हाथोंहाथ लिया और दोनों मॉडल पूरी तरह बिक गए। कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क का भी विस्तार किया है। अब MINI के 17 शहरों में 18 बिक्री केंद्र हैं। इस साल जयपुर, जोधपुर, रांची, गुवाहाटी, सूरत, विजयवाड़ा और लखनऊ जैसे नए शहरों में नेटवर्क बढ़ाया जा रहा है, जबकि मुंबई, पुणे और गुरुग्राम जैसे प्रमुख बाजारों में भी मौजूदगी मजबूत की जा रही है।
ब्रैंड से ग्राहकों को जोड़ने के लिए MINI ने MINI Go-Kart Days जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए, जिससे ग्राहकों के बीच ब्रांड की लोकप्रियता और मजबूत हुई। कंपनी का मानना है कि नए उत्पाद, विस्तारित नेटवर्क और बेहतर ग्राहक अनुभव के दम पर आने वाले महीनों में भी उसकी विकास यात्रा जारी रहेगी।
