नई दिल्ली। Samsung के स्मार्टफोन खरीदने वाले ग्राहकों को जल्द झटका लग सकता है। कंपनी भारत में Galaxy S26, Galaxy S26 Ultra और Galaxy A06 5G की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि कीमत कितनी बढ़ेगी और बढ़ी हुई कीमतें कब से लागू होंगी। अगर यह दावा सही साबित होता है तो Galaxy S26 और Galaxy S26 Ultra की लॉन्च के बाद पहली बार कीमत बढ़ेगी। वहीं Galaxy A06 5G की कीमत में पहले भी कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है। फिलहाल Samsung ने इन मॉडलों की कीमत बढ़ाने को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की है।
Galaxy S26 सीरीज Samsung की प्रीमियम स्मार्टफोन लाइनअप है। ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने का सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है जो फ्लैगशिप फोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। खास तौर पर Galaxy S26 Ultra की कीमत में बदलाव होने पर यह प्रीमियम सेगमेंट में ग्राहकों का बजट बढ़ा सकता है।
इसी बीच स्मार्टफोन इंडस्ट्री की ओर से सरकार के सामने GST में बड़ी कटौती की मांग भी रखी गई है। इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) ने सभी मोबाइल फोन पर मौजूदा 18 फीसदी GST को घटाकर 5 फीसदी करने की मांग की है। संगठन में Apple, Xiaomi, OPPO, Vivo, Realme, Motorola, LAVA, Nothing, ASUS, Lenovo और Google जैसी कंपनियां शामिल हैं। ICEA ने इससे पहले जुलाई में 25,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन को 5 फीसदी GST स्लैब में लाने की मांग की थी। अब संगठन ने दायरा बढ़ाते हुए सभी मोबाइल फोन पर 5 फीसदी GST की मांग की है।
अगर एक तरफ Samsung के कुछ लोकप्रिय फोन महंगे होते हैं और दूसरी तरफ सरकार GST में कटौती करती है, तो अंतिम कीमत पर दोनों फैसलों का असर अलग-अलग होगा। फिलहाल Galaxy S26, S26 Ultra और A06 5G की संभावित नई कीमत सामने नहीं आई है।
Galaxy S26 से A06 5G तक महंगाई की दस्तक, Samsung बढ़ा सकता है स्मार्टफोन के दाम
