• ONCE UPON A TIME..जब अमेरिका के मार्केट में आया था क्रेडिट कार्ड जितना छोटा स्मार्टफोन
• स्लाइड करते ही निकलता था कीबोर्ड! HP ने 2011 में पेश किया था अपने स्टाइल का धुरंधर स्मार्टफोन VEER
एक समय था, जब स्मार्टफोन की दुनिया में बड़ी स्क्रीन और विशाल बॉडी की जगह बेहद छोटे फोन भी लोगों का ध्यान खींचते थे। HP Veer ऐसा ही अनोखा स्मार्टफोन था, जिसे HP ने Palm का अधिग्रहण करने के बाद पेश किया था। क्रेडिट कार्ड के आसपास के आकार वाले इस फोन में स्लाइडिंग फिजिकल QWERTY कीबोर्ड, webOS ऑपरेटिंग सिस्टम, ईमेल, मैसेजिंग और इंटरनेट इस्तेमाल करने जैसी सुविधाएं मिलती थीं। HP Veer आज स्मार्टफोन इतिहास का एक दिलचस्प उदाहरण है, जब कंपनियां कम आकार में ज्यादा सुविधाएं देने की कोशिश कर रही थीं।
HP Veer को फरवरी 2011 में पेश किया गया था। इसके बाद 15 मई 2011 को यह अमेरिका में AT&T नेटवर्क के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध हुआ। HP Veer की लंबाई 84 मिमी, चौड़ाई 54.5 मिमी और मोटाई 15.1 मिमी थी। इसका वजन महज 103 ग्राम था। इसे आसानी से जेब में रखा जा सकता था। HP Veer में टचस्क्रीन के साथ फिजिकल QWERTY कीबोर्ड दिया गया था। फोन का ऊपरी हिस्सा स्लाइड करने पर कीबोर्ड बाहर आ जाता था। इसकी मदद से यूजर्स मैसेज, ईमेल और टेक्स्ट टाइप कर सकते थे। हालांकि, फोन का आकार छोटा होने के कारण कीबोर्ड की चाबियां भी काफी छोटी थीं। तेजी से टाइप करने वालों को शुरुआत में परेशानी हो सकती थी।
इस स्मार्टफोन में 2.6 इंच की मल्टीटच स्क्रीन दी गई थी। इसका रिजॉल्यूशन 320×400 पिक्सल था। इंटरनेट ब्राउजिंग और लंबे टेक्स्ट पढ़ने के दौरान छोटी स्क्रीन परेशानी भी पैदा करती थी।
HP ने साल 2010 में Palm का अधिग्रहण किया था। Palm अपने स्मार्टफोन और webOS ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए जाना जाता था। HP Veer इसी तकनीकी विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश थी।
HP Veer में 800MHz का Qualcomm Snapdragon MSM7230 प्रोसेसर दिया गया था। छोटे आकार के बावजूद HP Veer में 5 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया था। इसमें फोटो खींचने के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा भी थी।
अमेरिका में इसे HP Veer 4G के नाम से पेश किया गया था। यह AT&T के HSPA+ नेटवर्क को सपोर्ट करता था। उस समय मोबाइल नेटवर्क की नई तकनीकों को लेकर काफी उत्साह था। फोन में वाई-फाई और ब्लूटूथ जैसी कनेक्टिविटी सुविधाएं भी दी गई थीं HP Veer में लगभग 910mAh की नॉन-रिमूवेबल बैटरी दी गई थी। कंपनी के स्पेसिफिकेशन में पांच घंटे तक के टॉकटाइम का दावा किया गया था
HP Veer को स्मार्टफोन इतिहास के एक अनोखे प्रयोग के रूप में याद किया जाता है। उस समय कंपनियां यह तलाश रही थीं कि क्या बेहद छोटे फोन में भी इंटरनेट, ऐप्स, ईमेल और मल्टीटास्किंग जैसी सुविधाएं दी जा सकती हैं। HP Veer ने साबित किया कि स्मार्टफोन को बड़ा बनाए बिना भी उसमें कई उपयोगी फीचर्स दिए जा सकते हैं।
