IT सेक्टर में नौकरियों पर लटकी तलवार! 15 हजार कर्मचारियों की छंटनी की आहट

IT सेक्टर में नौकरियों पर लटकी तलवार! 15 हजार कर्मचारियों की छंटनी की आहट

Cognizant के बाद Qualcomm ने भी दिखाई सख्ती, AI का कहर या कारोबार की मजबूरी? टेक कंपनियों में कर्मचारियों की विदाई

तीन महीने की सैलरी और अतिरिक्त मुआवजा, Qualcomm ने कर्मचारियों को दिया एग्जिट पैकेज

बेंगलुरु से शुरू हुई Qualcomm की छंटनी, अब भारत के दूसरे शहरों पर नजर

देश के आईटी और टेक्नोलॉजी सेक्टर में नौकरियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। अमेरिकी टेक कंपनी Cognizant और सेमीकंडक्टर दिग्गज Qualcomm में बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी होगी। Cognizant में वैश्विक स्तर पर 12,000 से 15,000 कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसका सबसे ज्यादा असर भारत में पड़ने की रिपोर्ट है। वहीं Qualcomm ने भारत में छंटनी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, देश में करीब 1,000 या उससे अधिक पदों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रभावित कर्मचारियों को सेवा अवधि के आधार पर मुआवजा और जल्दी एग्जिट दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने पर अतिरिक्त एक महीने की सैलरी दी जाएगी। इन दोनों कंपनियों के घटनाक्रम ने हजारों आईटी प्रोफेशनल्स की चिंता बढ़ा दी है।

आईटी सेवा क्षेत्र की बड़ी कंपनी Cognizant अपने Project Leap के तहत कारोबार और कर्मचारियों के ढांचे में बड़े बदलाव कर रही है। मई 2026 की रिपोर्ट में वैश्विक स्तर पर 12,000 से 15,000 कर्मचारियों की संभावित छंटनी का अनुमान लगाया गया था। भारत में कंपनी के 2.50 लाख से अधिक कर्मचारी होने के कारण यहां असर ज्यादा पड़ने की आशंका जताई गई। हालांकि, कंपनी ने 15 हजार नौकरियों की छंटनी की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Cognizant का Project Leap आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन और नई तकनीक पर आधारित कारोबारी मॉडल तैयार करने की योजना है। कंपनी ऐसे कामकाज को सरल बनाना चाहती है, जहां AI की मदद से कम समय में ज्यादा उत्पादकता हासिल की जा सके।

कंपनी ने तीसरी तिमाही में पुनर्गठन की अनुमानित लागत घटाकर 18 करोड़ से 25 करोड़ डॉलर कर दी। पहले यह अनुमान इससे अधिक था। कंपनी के मुताबिक, कर्मचारियों को नए काम के लिए प्रशिक्षित करने और दूसरे पदों पर भेजने से खर्च कम हुआ है। Project Leap मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

अमेरिकी चिप निर्माता Qualcomm ने भी भारत में कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत बेंगलुरु स्थित कार्यालय से हुई है। इसके बाद हैदराबाद, चेन्नई और दिल्ली-NCR के कर्मचारियों पर भी असर पड़ सकता है। कंपनी के भारत में करीब 20 हजार कर्मचारी हैं।

Qualcomm के भारत में लगभग 1,000 या उससे अधिक कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित होने का अनुमान है।

Qualcomm के CEO Cristiano Amon ने अक्टूबर में कर्मचारियों को भेजे गए आंतरिक संदेश में छंटनी को परफॉर्मेंस आधारित प्रक्रिया बताया था। कंपनी का कहना है कि भविष्य की कारोबारी जरूरतों और कर्मचारियों के कौशल के अनुरूप संगठन को तैयार किया जा रहा है।