EV की बिक्री में तूफानी उछाल, डीलरों की जेब खाली! कारोबार बना घाटे का सौदा : FADA

EV की बिक्री में तूफानी उछाल, डीलरों की जेब खाली! कारोबार बना घाटे का सौदा : FADA

अक्टूबर में 3.55 लाख इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री, डीलरों को मुनाफे का इंतजार

बाजार में EV की हिस्सेदारी 11.5 फीसदी पहुंची, पर ग्राहकों की मौज बनी डीलरों पर बोझ

EV बेचने में डीलरों को नहीं मिल रहा पर्याप्त मुनाफा, महंगी वर्कशॉप और तकनीशियनों ने बढ़ाई परेशानी, FADA ने उठाई बेहतर कमीशन की मांग

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बेहतर ड्राइविंग रेंज और पारंपरिक वाहनों के करीब पहुंचती कीमतों ने ग्राहकों को इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ओर आकर्षित किया है। अक्टूबर में देश में करीब 3.55 लाख इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई और कुल वाहन बाजार में इनकी हिस्सेदारी 11.5 फीसदी रही। इसके बावजूद इस तेजी का पूरा फायदा ऑटो डीलरों को नहीं मिल पा रहा है। इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री बढ़ने के साथ डीलरशिप का खर्च भी तेजी से बढ़ रहा है, जबकि मुनाफे का मार्जिन बेहद कम है।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के अध्यक्ष साई गिरिधर के मुताबिक, भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों पर डीलरों को मिलने वाला मार्जिन दुनिया के सबसे कम मार्जिन में शामिल है। उनका कहना है कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ते बाजार में डीलरों को पर्याप्त आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है। कंपनियों और डीलरों को मिलकर इस समस्या का समाधान निकालना होगा।

इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री और सर्विस के लिए डीलरशिप को नए सिरे से निवेश करना पड़ रहा है। पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों की वर्कशॉप के मुकाबले EV सर्विस सेंटर में विशेष उपकरण, आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित तकनीशियनों की जरूरत होती है। बैटरी और इलेक्ट्रिक सिस्टम की जांच के लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ती है। इससे डीलरों का परिचालन खर्च लगातार बढ़ रहा है। परेशानी यह है कि EV वर्कशॉप से होने वाली कमाई भी पारंपरिक ICE यानी पेट्रोल-डीजल वाहनों की सर्विस के मुकाबले कम है।

कंपनियां इलेक्ट्रिक वाहनों का नेटवर्क टियर-3 और टियर-4 शहरों तक पहुंचा रही हैं। इससे ग्राहकों को बिक्री और सर्विस की बेहतर सुविधा मिल रही है, लेकिन डीलरों पर नए शोरूम, वर्कशॉप और कर्मचारियों का खर्च बढ़ रहा है। FADA का मानना है कि इस निवेश के अनुरूप डीलरों को बेहतर मार्जिन मिलना चाहिए। संगठन ने वैश्विक स्तर के प्रतिस्पर्धी डीलर मार्जिन की जरूरत पर भी जोर दिया है।

FADA का मानना है कि डिजिटलाइजेशन से डीलरशिप की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है। तकनीक की मदद से बिक्री टीम कम कर्मचारियों में ज्यादा ग्राहकों को संभाल सकती है। इससे खर्च पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।

FADA के मुताबिक, दोपहिया और पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में फिलहाल इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग उत्पादन से आगे चल रही है। मध्य पूर्व की परिस्थितियों से जुड़ी अनिश्चितता और ईंधन की ऊंची कीमतें भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ा रही हैं। हालांकि, EV बाजार की असली सफलता केवल बिक्री के आंकड़ों से तय नहीं होगी। डीलरों को उचित मुनाफा और बेहतर सर्विस कारोबार मिलेगा, तभी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का विस्तार लंबे समय तक टिकाऊ बन सकेगा।