सिर्फ 1.02 लाख रुपये में तैयार इलेक्ट्रिक लोडर, गरीब परिवारों के सपनों को मिलेगी उड़ान
300 किलो सामान ढोने वाला सोलर ई-लोडर तैयार
400W सोलर पैनल से लैस वाहन एक बार चार्ज करने पर चलेगा 50 किलोमीटर, दौड़ने का खर्च महज 13 पैसे प्रति किलोमीटर
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती कीमतों के बीच गुरुग्राम के 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले अक्षत खेरा ने महज 1,02,536 रुपये की लागत से सोलर असिस्टेड इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर तैयार किया है। इस वाहन का मकसद कम आय वाले परिवारों को सस्ता परिवहन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपना छोटा माल ढुलाई का कारोबार शुरू कर सकें। अक्षत को इस अनोखे आविष्कार की प्रेरणा अपने घर में काम करने वाली मेड के परिवार से मिली। परिवार के सदस्य माल ढुलाई का काम शुरू करना चाहते थे, लेकिन पारंपरिक इलेक्ट्रिक लोडर खरीदने के लिए जरूरी 1.5 लाख से 2 लाख रुपये की रकम जुटाना उनके लिए मुश्किल था। इस बातचीत ने अक्षत को सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने करीब 20 अन्य परिवारों से भी बात की और समझा कि बाजार में कम कीमत वाले, कम खर्च में चलने वाले वाहनों की बड़ी जरूरत है।
अक्षत ने शुरुआत में पूरी तरह सोलर ऊर्जा से चलने वाली कार बनाने की कल्पना की थी, लेकिन मौसम और धूप की उपलब्धता का अध्ययन करने के बाद उन्होंने सोलर असिस्टेड थ्री-व्हीलर तैयार करने का फैसला किया। उनके बनाए प्रोटोटाइप में दो लोगों के बैठने के लिए मौसम से सुरक्षित केबिन दिया गया है। इसके पीछे 300 किलोग्राम तक सामान ढोने की क्षमता वाला कार्गो बॉक्स है। वाहन की छत पर 400W का मोनोक्रिस्टलाइन सोलर पैनल लगाया गया है । एक बार चार्ज करने पर यह वाहन करीब 50 किलोमीटर चल सकता है। सोलर पैनल इसकी रोजाना बिजली की जरूरत का औसतन 63 फीसदी हिस्सा पूरा करने में मदद करता है। इसे चलाने का खर्च महज 13 पैसे प्रति किलोमीटर है।
शुरुआत में वाहन बनाने की अनुमानित लागत 1.35 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। इसके बाद अक्षत ने डिजाइन में बदलाव किए। उन्होंने 3.072 kWh की लिथियम आयन बैटरी का इस्तेमाल किया और भारी स्टील ट्यूबों को केवल जरूरी मजबूत हिस्सों तक सीमित रखा। इससे वाहन का वजन 26 किलोग्राम कम हुआ। दिल्ली के मायापुरी ऑटोमोबाइल बाजार में पुर्जों की कीमतों पर बातचीत करके भी उन्होंने खर्च घटाया। इस तरह कुल निर्माण लागत 1,02,536 रुपये तक आ गई।
इस प्रोजेक्ट को तैयार करना आसान नहीं था। दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद की एक दर्जन से ज्यादा वर्कशॉप ने किशोर छात्र के प्रोजेक्ट पर काम करने से मना कर दिया। आखिरकार अरुण नाम के एक फैब्रिकेटर ने उनका साथ दिया। अक्षत की योजना है कि पहले तैयार वाहन जरूरतमंद परिवार को दान किया जाए। इसके बाद वह किसी स्थापित वाहन निर्माता कंपनी के साथ साझेदारी कर बड़े पैमाने पर उत्पादन की संभावनाएं तलाशेंगे।
