• पेट्रोल-डीजल को टक्कर देने आ रही लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV, 2027 में बड़ा लॉन्चॉ
लग्जरी EV बाजार में भूचाल लाने की तैयारी, Jaguar GT भी होगी लॉन्च
टाटा मोटर्स की ब्रिटिश कंपनी का मास्टर प्लान, भारत में बढ़ाएगी लग्जरी EV कारोबार
Range Rover का इलेक्ट्रिक अवतार, दमदार लग्जरी के साथ नई तकनीक का संगम
चार्जिंग नेटवर्क और रीसेल वैल्यू पर नजर, JLR ने बनाया भारत के लिए नया प्लान
भारतीय लग्जरी कार बाजार में 2027 में बड़ा धमाका होने वाला है। टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली ब्रिटिश ऑटोमोबाइल कंपनी Jaguar Land Rover (JLR) भारत में पहली बार अपनी इलेक्ट्रिक कारों की एंट्री कराने जा रही है। कंपनी अगले साल Range Rover Electric और Range Rover Sport Electric को भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी। इसके अलावा नई Jaguar GT भी 2027 में दस्तक देगी। JLR की नजर तेजी से बढ़ते प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार बाजार पर है। कंपनी भारत को भविष्य के सबसे अहम ग्रोथ मार्केट में शामिल कर रही है। शुरुआत में इन इलेक्ट्रिक कारों को विदेश से आयात करके भारतीय ग्राहकों के बीच उतारा जाएगा।
JLR इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO राजन अंबा ने बताया कि कंपनी 2027 में अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को भारतीय बाजार में पेश करने की तैयारी कर रही है। उनके मुताबिक, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ही भविष्य है और भारत में प्रवेश करने का समय अब अनुकूल दिखाई दे रहा है।
कंपनी की पहली पेशकश में Range Rover Electric और Range Rover Sport Electric शामिल होंगी। ये दोनों प्रीमियम SUV भारतीय लग्जरी EV बाजार में JLR की नई पहचान बनाने की कोशिश करेंगी। फिलहाल कंपनी के भारतीय पोर्टफोलियो में कोई इलेक्ट्रिक कार मौजूद नहीं है।
JLR शुरुआत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों को भारत में आयात करेगी। कंपनी पहले ग्राहकों की प्रतिक्रिया और बाजार की मांग को समझना चाहती है। भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (FTA) भी इस रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
राजन अंबा के मुताबिक, इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों के लिए चार्जिंग नेटवर्क और रीसेल वैल्यू बेहद महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, देश में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक वाहनों के सेकंड हैंड बाजार में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
JLR भारत में अपने शोरूम नेटवर्क का विस्तार भी कर रही है। कंपनी एक साल पहले के 25 रिटेल आउटलेट की संख्या बढ़ाकर 40 करने की योजना बना रही है। 2027 में JLR की इलेक्ट्रिक कारों की एंट्री भारतीय लग्जरी EV बाजार में नई हलचल पैदा कर सकती है।
