नई दिल्ली: स्मार्टफोन पर अब तक बातचीत का सबसे आम तरीका टाइपिंग रहा है। सच यह है कि बोलना ज्यादा आसान और करीब चार गुना तेज होता है। यही वजह है कि वॉयस नोट्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। हालांकि, वॉयस नोट्स भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं हैं, क्योंकि उन्हें सुनने में समय लगता है, हर जगह प्ले नहीं किया जा सकता और जरूरी बात को जल्दी समझना भी आसान नहीं होता।
डिक्टेशन यानी बोलकर टेक्स्ट लिखने की सुविधा भी इस समस्या का पूरा समाधान नहीं कर पाई है। यह आवाज को टेक्स्ट में बदल तो देती है, लेकिन अक्सर उसमें फालतू शब्द और अधूरे वाक्य शामिल रह जाते हैं, जिससे मैसेज साफ और प्रोफेशनल नहीं लगता। इसी समस्या को हल करने के लिए नया फीचर Essential Voice पेश किया गया है, जो बोलते ही आपकी बात को साफ, समझने योग्य और तुरंत भेजने लायक टेक्स्ट में बदल देता है। यह फीचर कीबोर्ड और Essential Key के साथ इंटीग्रेटेड है, जिससे इसका इस्तेमाल करना और भी आसान हो जाता है।
Essential Voice सिर्फ साधारण ट्रांसक्रिप्शन नहीं करता, बल्कि यह आपके बोले गए वाक्यों को बेहतर बनाता है। यह फालतू शब्दों को हटाकर मैसेज को साफ और सटीक बनाता है। आप इसका इस्तेमाल मैसेज, ईमेल या नोट्स लिखने के लिए कर सकते हैं। इतना ही नहीं, आप जो बोलेंगे उसे यह सीधे लिस्ट, स्टेप्स या बुलेट पॉइंट्स में भी बदल सकता है, जिससे आपकी बात ज्यादा प्रभावी तरीके से सामने आती है। इसमें 100 से ज्यादा भाषाओं का सपोर्ट दिया गया है। यह अपने आप भाषा पहचान सकता है।
Essential Voice में स्मार्ट शॉर्टकट्स की सुविधा भी दी गई है। आप अपने हिसाब से कुछ शब्द या वाक्य सेट कर सकते हैं, जो बोलते ही अपने आप सही फॉर्मेट में बदल जाएंगे। उदाहरण के तौर पर अगर आपका कोई पसंदीदा रेस्टोरेंट है, तो उसका नाम बोलते ही उसका पूरा एड्रेस भी टेक्स्ट में जुड़ सकता है।
प्राइवेसी के मामले में भी कंपनी ने खास ध्यान दिया है। यह फीचर तभी एक्टिव होता है जब आप इसे खुद इस्तेमाल करते हैं, यानी यह बैकग्राउंड में आपकी बातें नहीं सुनता। जब आप इसे चालू करते हैं, तो आपकी आवाज को एन्क्रिप्ट करके सर्वर पर प्रोसेस किया जाता है और टेक्स्ट बनाकर वापस आपके डिवाइस पर भेज दिया जाता है। आपकी रिकॉर्डिंग सर्वर पर सेव नहीं की जाती। फिलहाल यह फीचर Phone (3) पर उपलब्ध है, जबकि Phone (4a) Pro में इसे इसी महीने के अंत तक और Phone (4a) में मई की शुरुआत तक उपलब्ध कराया जाएगा।
