नई दिल्ली। Airtel यूजर्स को बड़ा झटका लगा है। कंपनी ने कई लोकप्रिय प्रीपेड रिचार्ज प्लान बंद कर दिए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला ₹299 का 28 दिन वाला प्लान भी शामिल है। इस पैक में रोज 1.5GB डेटा मिलता था। अब इसी तरह के फायदे के लिए यूजर्स को कम से कम 349 रुपये खर्च करने होंगे। कीमत सीधे करीब 16% बढ़ गई है।
कंपनी ने 299 के अलावा 319, 579, 619, 649 और 799 जैसे कई प्लान भी अपने प्रीपेड पोर्टफोलियो से हटा दिए हैं। वहीं 859 रुपये वाले प्लान की कीमत बढ़ाकर 899 रुपये कर दी गई है। 299 रुपये वाला प्लान Airtel के सबसे लोकप्रिय एंट्री-लेवल डेली डेटा पैक्स में से एक था। इसमें 28 दिन की वैधता और रोज 1.5GB डेटा मिलता था। अब यह प्लान उपलब्ध नहीं है। इसके बदले यूजर को ₹349 वाला प्लान लेना होगा, जिसमें समान फायदे मिलते हैं। यानी डेटा और वैलिडिटी लगभग वही रहते हुए ग्राहक को ₹50 ज्यादा देने होंगे।
Airtel ने 319 का 30 दिन वाला 1.5GB/दिन, 579 रुपये का 56 दिन वाला, 619 रुपये का 69 दिन वाला और 799 रुपये का 77 दिन वाला प्लान भी बंद कर दिया है। इसके अलावा ₹649 वाला 56 दिन का 2GB/दिन प्लान भी हटा दिया गया है। ₹799 वाले पैक में भी 1.5GB/दिन और 2GB/दिन वाले विकल्पों को बंद किया गया है। कंपनी ने सिर्फ प्लान हटाए ही नहीं हैं, बल्कि कुछ रिचार्ज की कीमत भी बढ़ाई है। रिपोर्ट के मुताबिक ₹859 वाले प्लान को अब ₹899 में पेश किया जा रहा है। हालांकि ₹199 और ₹219 जैसे लो-एंड प्लान फिलहाल प्रभावित नहीं हुए हैं।
इस बदलाव का बड़ा मकसद प्रीपेड पोर्टफोलियो को छोटा और आसान बनाना माना जा रहा है। साथ ही कंपनी चाहती है कि ज्यादा ग्राहक बेहतर डेटा वाले और ज्यादा कीमत वाले प्लान की तरफ जाएं। इससे Airtel का ARPU यानी प्रति ग्राहक औसत कमाई बढ़ सकती है। अगर आप Airtel का ₹299 वाला 28 दिन का डेली डेटा पैक इस्तेमाल करते थे, तो अब अगला समान विकल्प ₹349 है। यानी महीने का रिचार्ज बजट बढ़ाना पड़ेगा। Airtel का संदेश साफ है—कम कीमत वाले विकल्प घटाओ और ग्राहकों को ज्यादा वैल्यू वाले प्लान की ओर ले जाओ।
