नई दिल्ली। स्मार्टफोन की दुनिया में पहचान बनाने वाली Xiaomi अब इलेक्ट्रिक कार बाजार में भी बड़ा दांव खेल रही है। कंपनी ने अपनी नई SkyNomad Series इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च कर दी है, जो लंबी रेंज, लग्जरी इंटीरियर और एडवांस AI टेक्नोलॉजी के दम पर EV बाजार में हलचल मचा रही है। Xiaomi ने इसे ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जिन्हें एक ही कार में रोजाना ऑफिस, फैमिली ट्रिप और एडवेंचर जैसे सभी काम पूरे करने हों।
SkyNomad Series Xiaomi की इलेक्ट्रिक व्हीकल लाइनअप में SU7 सेडान और YU7 SUV के बाद तीसरी बड़ी पेशकश है। इस SUV के साथ कंपनी ने अपना नया Kunlun Architecture प्लेटफॉर्म पेश किया है, जिसे खासतौर पर ज्यादा स्पेस और बेहतर केबिन अनुभव के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने SkyNomad को दो वेरिएंट में उतारा है। इसमें SkyNomad N90 Max सात सीटों वाली बड़ी SUV है, जबकि SkyNomad N70 Max पांच सीटों वाला ऑल-व्हील ड्राइव मॉडल है। चीन में इसकी शुरुआती कीमत 2,59,900 युआन (करीब 36.75 लाख रुपये) रखी गई है। वहीं N90 Max की कीमत करीब 42.41 लाख रुपये है। फिलहाल Xiaomi ने भारत या अन्य देशों में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
इस इलेक्ट्रिक SUV की सबसे बड़ी ताकत इसकी रेंज है। SkyNomad N70 Max एक बार फुल चार्ज होने पर 505 किलोमीटर तक चल सकती है, जबकि बड़े N90 Max की रेंज करीब 464 किलोमीटर है। इसमें 52kWh से 76kWh तक की बैटरी का विकल्प मिलता है। दोनों मॉडल डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आते हैं, जो करीब 310kW की पावर देने में सक्षम हैं।
Xiaomi ने इसके केबिन को किसी लग्जरी लाउंज की तरह डिजाइन किया है। इसमें फ्लैट फ्लोर दिया गया है, जिससे अंदर ज्यादा जगह मिलती है। सीटों को जरूरत के हिसाब से बदला जा सकता है। SUV में चार तक जीरो ग्रेविटी सीट, 16-पॉइंट मसाज सिस्टम, सीट हीटिंग-वेंटिलेशन, स्लाइडिंग सेंटर कंसोल और इन-बिल्ट रेफ्रिजरेटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सात सीट वाले N90 Max में 1,831 लीटर तक सामान रखने की जगह मिलती है।
टेक्नोलॉजी के मामले में भी Xiaomi ने कोई कमी नहीं छोड़ी है। कार में Snapdragon 8 Gen 3 आधारित कंट्रोल सिस्टम, डुअल 5G कनेक्टिविटी, Wi-Fi 7, छह स्क्रीन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम और 25 स्पीकर प्रीमियम ऑडियो सिस्टम मिलता है। कंपनी का AI असिस्टेंट Hyper XiaoAi आवाज के जरिए कार के अंदर की सीटिंग को 11 अलग-अलग तरीके से बदल सकता है।
