नई दिल्ली : अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता Tesla ने अपनी बहुप्रतीक्षित 6-सीटर SUV Tesla Model Y L की डिलीवरी इंडिया में शुरू कर दी है। मुंबई में पहले ग्राहकों को यह इलेक्ट्रिक SUV सौंप दी गई है, करीब दो महीने पहले लॉन्च हुई Model Y L की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 61.99 लाख रुपये रखी गई थी। टेस्ला ने अप्रैल 2026 में जून से डिलीवरी शुरू करने का वादा किया था और कंपनी ने तय समय पर ग्राहकों तक वाहन पहुंचाकर अपनी प्रतिबद्धता निभाई है।
अब तक इंडिया में बिकने वाली टेस्ला कारें 5-सीटर थीं, लेकिन Model Y L कंपनी की पहली 6-सीटर पेशकश है। इसमें 2+2+2 सीटिंग लेआउट दिया गया है। दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीटें हैं, जबकि तीसरी पंक्ति में दो अतिरिक्त सीटें मिलती हैं। भारत में बड़े परिवारों और प्रीमियम SUV पसंद करने वाले ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी जरूरत को देखते हुए टेस्ला ने लंबे व्हीलबेस वाला यह मॉडल पेश किया है, जिससे केबिन स्पेस और आराम दोनों में बड़ा सुधार हुआ है।
Model Y L की सबसे बड़ी ताकत इसकी लंबी ड्राइविंग रेंज है। यह SUV एक बार चार्ज होने पर 681 किलोमीटर तक चल सकती है, जो भारत में उपलब्ध Model Y लाइनअप की सबसे अधिक रेंज है। इसमें ड्यूल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जो इसे सिर्फ 5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंचा देता है।
Tesla Supercharger नेटवर्क पर यह SUV 250 kW तक की DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि अनुकूल परिस्थितियों में मात्र 15 मिनट की चार्जिंग से लगभग 288 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज मिल सकती है। Model Y L केवल अतिरिक्त सीटों तक सीमित नहीं है। इसमें प्रीमियम अनुभव देने के लिए कई हाई-एंड फीचर्स जोड़े गए हैं। 18-स्पीकर प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, 16-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन, दूसरी पंक्ति के लिए 8-इंच अलग डिस्प्ले, वेंटिलेटेड और हीटेड सीटें, पावर्ड आर्मरेस्ट, वन-टच फोल्डिंग सीट्स, एडैप्टिव सस्पेंशन, इलेक्ट्रॉनिक डैम्पर्स के साथ YouTube, Netflix, Spotify और Apple Music सपोर्ट मिलता है।
Model Y L की कीमत नियमित Model Y Premium RWD से केवल लगभग 11 लाख रुपये अधिक है। इसके बदले ग्राहकों को दो अतिरिक्त सीटें, ज्यादा रेंज, AWD सिस्टम, बेहतर प्रदर्शन, बड़ा लगेज स्पेस और ज्यादा प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं। टेस्ला देशभर में अपने Supercharger नेटवर्क और सर्विस सेंटरों का विस्तार भी कर रही है। दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे शहरों में नए चार्जिंग स्टेशन और सर्विस सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
