सुपरइंटेलिजेंट AI की दस्तक, इंसानों के जान के लिए बन सकता है अगला खतरा!

सुपरइंटेलिजेंट AI की दस्तक, इंसानों के जान के लिए बन सकता है अगला खतरा!

Meta के AI चीफ की चेतावनी, AI अब इंसानी दिमाग से आगे निकलने की तैयारी में, खतरे से निपटने की तैयारी के लिए इंसानों के पास बस एक साल

• इंसानी नियंत्रण से बाहर हो सकता है AI, Meta के शीर्ष अधिकारी ने जताई चिंता

167 साल पुरानी गणितीय पहेली सुलझाने का दावा, AI की क्षमताओं पर छिड़ी बहस

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल ईमेल लिखने, तस्वीरें बनाने या सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहने वाला है। मशीनों की बढ़ती क्षमता को लेकर टेक जगत में अब सुपरइंटेलिजेंस की चर्चा तेज हो गई है। Meta के चीफ AI ऑफिसर अलेक्जेंडर वांग ने चेतावनी दी है कि सुपरइंटेलिजेंस का दौर बेहद करीब हो सकता है और मानवता के पास इसके लिए तैयारी करने का समय बहुत कम है। उनके मुताबिक, अगले एक साल में लिए गए फैसले भविष्य की दुनिया को प्रभावित कर सकते हैं।

सुपरइंटेलिजेंस ऐसी AI क्षमता को कहा जाता है, जो लगभग हर क्षेत्र में सबसे प्रतिभाशाली इंसानों से भी कहीं आगे निकल जाए। इसमें वैज्ञानिक शोध, प्रोग्रामिंग, गणित, रणनीति, साइबर सुरक्षा और नई तकनीक विकसित करने जैसी क्षमताएं शामिल हो सकती हैं। वांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘Superintelligence is Arriving’ शीर्षक से एक लंबा पोस्ट साझा किया। उन्होंने कहा कि दुनिया को यह तय करना होगा कि AI के इस नए दौर में इंसानी नियंत्रण, सुरक्षा और जिम्मेदारी को किस तरह बनाए रखा जाए।

AI की क्षमताओं पर बहस उस दावे के बाद भी तेज हुई, जिसमें एक गणितज्ञ ने Claude AI की मदद से Riemann Hypothesis को हल करने का दावा किया। यह गणित की लगभग 167 साल पुरानी और बेहद जटिल समस्या है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र विशेषज्ञ समीक्षा अभी पूरी नहीं हुई है और Clay Mathematics Institute इसे अब भी अनसुलझी समस्या मानता है।

वांग का मानना है कि AI अब अपनी तकनीकी सीमाओं को तेजी से पार कर रहा है। भविष्य में मशीनें AI रिसर्च को स्वचालित कर सकती हैं और अपने से अधिक सक्षम सिस्टम तैयार करने में मदद कर सकती हैं। इससे विकास की गति इतनी तेज हो सकती है कि इंसानी निगरानी पीछे रह जाए। उन्होंने जैविक अनुसंधान, साइबर सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और हथियारों जैसे क्षेत्रों में AI की बढ़ती क्षमता को लेकर भी चिंता जताई।

वांग AI विकास को रोकने की मांग नहीं कर रहे, बल्कि सुरक्षा, जिम्मेदारी, नियंत्रण और मानव हितों को प्राथमिकता देने की वकालत कर रहे हैं। उनका संदेश स्पष्ट है कि AI का भविष्य केवल तकनीकी दौड़ नहीं होना चाहिए। मशीनें कितनी भी शक्तिशाली क्यों न बनें, समाज के फैसलों और भविष्य की दिशा पर इंसानों का नियंत्रण कायम रहना चाहिए।