• 600 KM की रेंज, 1,140 HP की पावर! भारत आ रही लग्जरी इलेक्ट्रिक कार, टीजर जारी
• क्रैब वॉक फीचर से कार दिखाएगी कमाल ! 13 नवंबर को भारत में होगी एंट्री
• रफ्तार में सुपरकार, फीचर्स में लग्जरी का बादशाह 9 मिनट में 97% तक चार्ज होने का दावा
तीन मोटर, 122.5kWh बैटरी और मसाज सीट, Denza Z9GT में मिलेगा शाही अनुभव
चीन की दिग्गज कंपनी BYD की लग्जरी कार ब्रांड Denza भारतीय बाजार में अपनी दमदार एंट्री की तैयारी कर रही है। कंपनी 13 नवंबर 2026 को भारत में अपनी शुरुआत करने वाली है और इससे पहले Denza Z9GT इलेक्ट्रिक फास्टबैक की झलक दिखाकर हलचल बढ़ा दी है। यह कार अपनी 1,140 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत, 122.5kWh की विशाल बैटरी, 600 किलोमीटर तक की WLTP रेंज और खास ‘क्रैब वॉक’ फीचर के कारण चर्चा में है। यह इलेक्ट्रिक कार महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटा है।
Denza Z9GT में ट्रिपल-मोटर सेटअप दिया गया है। इसमें पीछे दो और आगे एक इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है। यह सेटअप मिलकर 1,140 हॉर्सपावर की अधिकतम ताकत और 1,210Nm का टॉर्क पैदा करता है। इतनी दमदार क्षमता के साथ यह कार तेज रफ्तार और शानदार एक्सेलरेशन का अनुभव देने के लिए तैयार है।
कंपनी के दावों के अनुसार, इसकी 122.5kWh बैटरी एक बार चार्ज करने पर 600 किलोमीटर तक की WLTP रेंज दे सकती है। इसमें 1,500kW फ्लैश अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी बताया गया है। कंपनी का दावा है कि कार की बैटरी 10 से 97 प्रतिशत तक सिर्फ नौ मिनट में चार्ज हो सकती है। हालांकि, वास्तविक चार्जिंग समय चार्जर, तापमान और दूसरी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
Denza Z9GT की सबसे दिलचस्प खूबियों में इसका क्रैब वॉक मोड शामिल है। इसके अलावा कार में रियर-व्हील स्टीयरिंग भी मिलता है। ये तकनीकें कम जगह में कार को मोड़ने और चलाने में मदद कर सकती हैं। कार के अंदर प्रीमियम नप्पा लेदर सीटें और ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट दिया गया है। इसमें 17.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑगमेंटेड रियलिटी वाला हेड-अप डिस्प्ले और 20-स्पीकर Devialet साउंड सिस्टम शामिल हैं। आगे और पीछे की सीटों में हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज की सुविधा भी मिलती है। पैनोरमिक ग्लास रूफ, एम्बिएंट लाइटिंग, वायरलेस फोन चार्जिंग और पीछे बैठने वालों के लिए इलेक्ट्रिक फुटरेस्ट इसे और प्रीमियम बनाते हैं।
Denza Z9GT में लेवल 2+ ADAS, 360-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा, डिजिटल साइड मिरर और नौ से दस एयरबैग तक दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाहरी डिजाइन में स्लिम LED लाइट्स, फ्रेमलेस विंडो, 21-इंच अलॉय व्हील और पीछे विंग-शेप्ड LED टेललैंप मिलते हैं।
