Microsoft में बड़ी छंटनी की तैयारी, 60 हजार कर्मचारियों को एक्जिट ऑफर

Microsoft में बड़ी छंटनी की तैयारी, 60 हजार कर्मचारियों को एक्जिट ऑफर

दिसंबर तक करना होगा फैसला, इंडिया में कंपनी के 23 हजार कर्मचारी

इंडिया अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में काम करने वाले लोगों को वालंटियरी एग्जिट ऑफर

• Microsoft में नौकरी छोड़ने पर मिलेगा आर्थिक सपोर्ट! भारत समेत 4 देशों में नई योजना

AI पर अरबों डॉलर के निवेश के बीच फिर कंपनी में नौकरियां जाने जैसी हलचल, नौकरी छोड़ने पर मिल सकती है आर्थिक मदद

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Microsoft ने अपने कर्मचारियों के लिए Voluntary Exit Offer (VEO) पेश किया है। इस योजना के तहत अमेरिका, भारत, कनाडा और ब्रिटेन में काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया जाएगा। करीब 60,000 कर्मचारी इस ऑफर के दायरे में आ सकते हैं। यह माइक्रोसॉफ्ट के कुल 2.23 लाख कर्मचारियों का लगभग 27% है। कंपनी छोड़ने का विकल्प चुनने वाले कर्मचारियों को आर्थिक सहायता और करियर प्लानिंग से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही गई है। कंपनी ने तीन महीने पहले 4800 कर्मचारियों की छंटनी की थी। स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने की यह योजना कंपनी के कई विभाग के कर्मचारियों पर लागू होगी। इनमें AI एक्सपीरियंस, कोपायलट, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, Xbox और Windows + Devices शामिल हैं। डेटा सेंटर, सेल्स और मार्केटिंग में काम करने वाले लोगों को इससे बाहर रखा गया है। कंपनी में कुल 223,000 कर्मचारी हैं, जिनमें से 23 हजार भारत में हैं। इनमें से कितनों को ऑफर मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं है। भारत में पात्र कर्मचारियों को 1 दिसंबर तक फैसला करना होगा

माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए आंतरिक संदेश में इस कार्यक्रम की जानकारी दी। यह ऑफर चुनिंदा संगठनों में लेवल 70 या उससे नीचे के पात्र कर्मचारियों के लिए है। कंपनी के सभी विभागों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। पात्र कर्मचारियों को उनके ऑफर की जानकारी ईमेल के जरिये भेजी जानी है।

कोलमैन के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को करियर में बदलाव के लिए एक और विकल्प देना है। साथ ही, बदलती कारोबारी जरूरतों के अनुसार कंपनी के कार्यबल को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

माइक्रोसॉफ्ट ने इस साल अप्रैल में भी Voluntary Retirement Program (VRP) पेश किया था। वह कार्यक्रम अमेरिका में कंपनी के करीब 7% कर्मचारियों के लिए था। रिपोर्टों के मुताबिक, पात्र कर्मचारियों को सेवा अवधि और पद के आधार पर आठ से 39 सप्ताह तक के मूल वेतन के बराबर भुगतान मिल सकता था। स्वास्थ्य बीमा और शेयरों से जुड़े लाभ भी उस पैकेज का हिस्सा बताए गए थे। अब नए Voluntary Exit Offer के जरिये कंपनी ने कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने का एक और विकल्प दिया है। माइक्रोसॉफ्ट ने दूसरी तिमाही में 19.64 अरब डॉलर का सकारात्मक फ्री कैश फ्लो दर्ज किया, लेकिन यह पिछले साल की समान अवधि से 23% कम था।