• भारतीय सड़कों पर राज करने के लिए आएंगे Evo, Kyo और Kinet इलेक्ट्रिक स्कूटर
• ग्राउंड क्लीयरेंस बढ़ेगा, सीट के नीचे मिलेगा ज्यादा सामान रखने का स्पेस
• बजट ग्राहकों से लेकर स्पीड के शौकीनों तक, हर किसी के लिए होगा विकल्प
Kinet होगा सबसे स्पोर्टी मॉडल, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का दावा
भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में मुकाबला और तेज होने वाला है। वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast अब भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2027 में तीन नए इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर सकती है। ये स्कूटर Evo, Kyo और Kinet प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे। हालांकि, कंपनी इन्हें भारतीय बाजार की जरूरतों के हिसाब से तैयार करेगी। भारत में आने वाले इन स्कूटरों के डिजाइन, चेसिस, ग्राउंड क्लीयरेंस और परफॉर्मेंस में बदलाव किए जाएंगे। कंपनी भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ज्यादा स्टोरेज, बेहतर उपयोगिता और अलग-अलग बजट में विकल्प पेश करने की तैयारी कर रही है।
Evo आधारित स्कूटर कंपनी की एंट्री-लेवल पेशकश हो सकता है। वियतनाम में इसका मौजूदा मॉडल 1.5 kWh LFP बैटरी के साथ आता है। इसमें अतिरिक्त 1.5 kWh की रिमूवेबल बैटरी का विकल्प भी मिलता है। दोनों बैटरियों के साथ इसकी रेंज 165 किलोमीटर तक बताई गई है। इसमें 2.45 kW की हब मोटर, 12 इंच के पहिये, फ्रंट डिस्क ब्रेक और LCD डिस्प्ले मिलता है। सीट के नीचे 12 लीटर की जगह दी गई है। भारत में आने वाले मॉडल में इन स्पेसिफिकेशन में बदलाव संभव है। Kyo आधारित स्कूटर Evo से ऊपर रखा जा सकता है। वियतनामी मॉडल में 3 kWh बैटरी और 3 kW हब मोटर मिलती है। इसकी दावा की गई रेंज 160 किलोमीटर है।
इसमें 14 इंच के पहिये, TFT डिस्प्ले, कीलेस एंट्री, हिल होल्ड असिस्ट और 21 लीटर अंडरसीट स्टोरेज मिलता है। ऐसे फीचर्स इसे उन ग्राहकों के लिए आकर्षक बना सकते हैं जो रोजाना इस्तेमाल के साथ ज्यादा सुविधा चाहते हैं।
Kinet आधारित मॉडल तीनों स्कूटरों में सबसे ज्यादा दमदार हो सकता है। वियतनाम में यह 5.2 kW मोटर के साथ आता है और इसकी अधिकतम रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। 3 kWh बैटरी के साथ इसकी रेंज 145 किलोमीटर तक बताई जाती है।
इसमें TFT डिस्प्ले, 14 इंच के पहिये और 22 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज मिलता है। भारत में इसे ज्यादा स्पोर्टी इलेक्ट्रिक स्कूटर पसंद करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया जा सकता है।
भारत में लॉन्च होने के बाद VinFast के इन स्कूटरों का मुकाबला TVS iQube, Bajaj Chetak और Ather के इलेक्ट्रिक स्कूटरों से होगा। कंपनी के लिए कीमत, बैटरी क्षमता, वास्तविक रेंज और चार्जिंग सुविधा बेहद अहम होंगी। कंपनी इनके नाम भी भारतीय बाजार के लिए बदल सकती है। अगर VinFast प्रतिस्पर्धी कीमत, बेहतर रेंज और मजबूत फीचर्स के साथ इन स्कूटरों को उतारती है, तो 2027 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।
