• जनवरी, अप्रैल, जुलाई के बाद अब अगली बारी?
• कच्चे माल की कीमत बढ़ी, कुछ हफ्तों में लिया जा सकता है फैसला
• महंगाई की मार! जल्द आ सकता है नया प्राइस टैग
MAHINDRA एंड MAHINDRA अपने SUV पोर्टफोलियो की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। कंपनी के मुताबिक, कमोडिटी की बढ़ती कीमतों के चलते आने वाले कुछ हफ्तों में नई कीमतों को लेकर फैसला लिया जा सकता है। खास बात यह है कि MAHINDRA इस साल पहले ही तीन बार SUV की कीमतें बढ़ा चुकी है।
MAHINDRA एंड MAHINDRA के Automotive President & CEO नलिनीकांत गोलागुंटा ने बताया कि कंपनी कमोडिटी कीमतों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ हफ्तों में कीमत बढ़ाने की जरूरत है या नहीं, इस पर फैसला लिया जा सकता है। MAHINDRA ने इस साल जनवरी, अप्रैल और जुलाई में SUV की कीमतों में बढ़ोतरी की है। जुलाई में SUV की कीमतों में करीब 2.7% की बढ़ोतरी की गई थी।
हालांकि, कंपनी के मुताबिक कीमतें बढ़ने के बावजूद ग्राहकों की पूछताछ और बुकिंग पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। वाहनों की प्रभावी कीमतें अभी भी GST से पहले के स्तर से कम हैं, जिससे डिमांड को सपोर्ट मिल रहा है।
MAHINDRA को आने वाले फेस्टिव सीजन से काफी उम्मीदें हैं। कंपनी का मानना है कि कम प्रभावी कीमतों और नए व अपडेटेड मॉडल की वजह से त्योहारी सीजन में ऑटो इंडस्ट्री के साथ MAHINDRA की बिक्री भी मजबूत रह सकती है।
हाइब्रिड टेक्नोलॉजी को लेकर कंपनी ने साफ किया है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल MAHINDRA की लॉन्ग टर्म रणनीति का अहम हिस्सा हैं। हालांकि, रेगुलेटरी माहौल में बदलाव होने पर कंपनी अपनी प्रोडक्ट रणनीति में बदलाव करने के लिए तैयार है।
MAHINDRA फिलहाल हर महीने करीब 60,000 ICE वाहन और 8,000 EV बनाने की क्षमता रखती है। कंपनी के मुताबिक इसका इस्तेमाल भी लगभग इसी स्तर पर हो रहा है।
मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक क्षमता बढ़ाने की योजना है। ICE क्षमता को 60,000 से बढ़कर हर महीने 70,000 यूनिट किया जाएगा। कुल क्षमता करीब 68,000 से बढ़कर 84,000 यूनिट हो जाएगी। कंपनी अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता में करीब 16,000 यूनिट प्रति माह का इजाफा करने की तैयारी में है।
MAHINDRA अगले दो क्वार्टर में दो बड़े लॉन्च की तैयारी में है। इनमें एक मॉडल ICE सेगमेंट में और दूसरा EV सेगमेंट में होगा। इसके अलावा कंपनी करीब पांच प्रोडक्ट रिफ्रेश भी करने की योजना पर काम कर रही है। तरफ MAHINDRA प्रोडक्शन बढ़ाने और नए मॉडल लाने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ बढ़ती कमोडिटी लागत के बीच SUV की कीमतों में एक और बढ़ोतरी पर विचार कर रही है।
