अहमदाबाद: इंडिया में अपनी पकड़ लगातार मजबूत कर रही Kia India ने बड़ा माइलस्टोन हासिल करते हुए देश में अपनी 500वीं सर्विस वर्कशॉप शुरू कर दी है। गुजरात के अहमदाबाद के चांदखेड़ा में खुली यह नई सुविधा न सिर्फ कंपनी के बढ़ते नेटवर्क को दिखाती है, बल्कि ग्राहकों को बेहतर और तेज सर्विस देने की उसकी रणनीति को भी मजबूत करती है। इस उपलब्धि के साथ अब Kia का सर्विस नेटवर्क देशभर के 391 शहरों में 800 से ज्यादा टचपॉइंट्स तक पहुंच चुका है। इसका सीधा फायदा 15 लाख से ज्यादा ग्राहकों को मिलेगा, जिन्हें अब सर्विस के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा।
अहमदाबाद में शुरू हुई यह नई वर्कशॉप Kia की सबसे बड़ी सुविधाओं में से एक है। करीब 76,000 स्क्वायर फीट में फैली इस हाईटेक वर्कशॉप में 57 सर्विस बे, 100 पार्किंग स्लॉट और 90 से ज्यादा प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद है। यहां हर साल करीब 40,000 गाड़ियों की सर्विसिंग की जा सकेगी, जिससे इलाके में सर्विस की स्पीड और क्वालिटी दोनों बेहतर होंगी। इस वर्कशॉप में ग्राहकों के लिए खास ‘Shine Zone’ भी बनाया गया है, जहां गाड़ियों की प्रीमियम केयर जैसे सिरेमिक कोटिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, इलेक्ट्रिक वाहनों को ध्यान में रखते हुए यहां 90 kW का DC फास्ट चार्जर भी लगाया गया है, जो एक साथ दो गाड़ियों को चार्ज कर सकता है।
Kia India के MD और CEO ग्वांगगु ली ने कहा कि 500वीं वर्कशॉप सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि ग्राहकों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। Kia लगातार ऐसे सिस्टम पर काम कर रही है, जिससे हर ग्राहक को आसान, पारदर्शी और भरोसेमंद सर्विस अनुभव मिले। वहीं West Coast Kia के डीलर प्रिंसिपल बलजीत सिंह बग्गा ने कहा कि यह नई वर्कशॉप ग्राहकों के और करीब आने और सर्विस क्वालिटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
सिर्फ सर्विस ही नहीं, Kia इस वर्कशॉप के जरिए पर्यावरण पर भी ध्यान दे रही है। यहां 145 kW सोलर पावर सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पानी को रीसायकल करने की सुविधा दी गई है। कंपनी ने अहमदाबाद में 10,000 पेड़ लगाने का अभियान भी शुरू किया है। डिजिटल सुविधा के मामले में भी Kia पीछे नहीं है। My Kia App और Kia Krystal जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहक अपने वाहन की सर्विस को घर बैठे ट्रैक कर सकते हैं।
