नई दिल्ली: जापान की टू-व्हीलर कंपनी Honda की पहली स्पोर्ट्स इलेक्ट्रिक बाइक Honda WN7 का डिजाइन इंडिया में पेटेंट हो गया है। 2026 Honda WN7 दरअसल उस Honda EV Fun कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन है, जिसे नवंबर 2024 में पेश किया गया था। लॉन्च से पहले ही यह बाइक अपने फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और स्पोर्टी लुक के कारण काफी सुर्खियां बटोर चुकी है। पेटेंट इमेज में Honda WN7 का बेहद शार्प और फ्यूचरिस्टिक नेकेड-स्टाइल डिजाइन दिखाई देता है। बाइक का फ्रंट हिस्सा काफी मिनिमल और रोबोटिक लुक वाला है।
इसमें चौड़ी LED DRL, वर्टिकली स्टैक्ड हेडलैंप, चौड़ा हैंडलबार, सर्कुलर बार-एंड मिरर और सिंगल-पीस सीट दी गई है। बाइक का मोनोकोक स्टाइल रियर सेक्शन इसे बेहद क्लीन और प्रीमियम लुक देता है। राइट साइड पर दिया गया सिंगल-साइडेड स्विंगआर्म और मिड-मोटर सेटअप इसे सुपरबाइक जैसा एग्रेसिव अंदाज देता है।
Honda WN7 में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 50.4 kW यानी करीब 67.5 bhp की पावर और 100 Nm का टॉर्क पैदा करती है। कंपनी का दावा है कि इसकी परफॉर्मेंस 600cc स्पोर्ट्स बाइक जैसी महसूस होगी। बाइक में 9.3 kWh का लिथियम-आयन बैटरी पैक मिलता है। एक बार फुल चार्ज होने पर यह करीब 130 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है।
Honda WN7 में CCS2 बेस्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इसकी मदद से बैटरी को 20% से 80% तक चार्ज करने में 30 मिनट से भी कम समय लगता है। इसके साथ नॉर्मल AC चार्जिंग का विकल्प भी दिया गया है, जिससे रातभर में बाइक को आसानी से चार्ज किया जा सकता है।217 किलो वजन वाली यह इलेक्ट्रिक बाइक तकनीक और परफॉर्मेंस दोनों के मामले में काफी एडवांस मानी जा रही है।
ब्रिटेन में Honda WN7 की शुरुआती कीमत करीब 12,999 पाउंड यानी लगभग 16.74 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि फिलहाल भारत में इसके लॉन्च की संभावना काफी कम मानी जा रही है। लेकिन भारत में डिजाइन पेटेंट होने के बाद यह साफ है कि Honda भारतीय बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक बाइक रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।
