Hyundai की इस साल आएंगी 2 नई SUV, 30 मिनट चार्ज में दौड़ेंगी 355 किमी

नई दिल्ली: इंडिया में SUV बाजार पर कब्जा मजबूत करने के लिए Hyundai Motor India अब बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष में दो नई SUV लॉन्च करने की पुष्टि कर दी है, जिनमें एक नई मिड-साइज SUV और दूसरी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV होगी। नई SUV में ADAS टेक्नोलॉजी, हाइब्रिड पावर और ज्यादा प्रीमियम फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। मौजूदा Hyundai Creta को बंद नहीं किया जाएगा।

Hyundai Motor India अब इंडिया में इलेक्ट्रिक गाड़ियों और SUV सेगमेंट पर बड़ा फोकस कर रही है। कंपनी ऐसी नई EV SUV लाने की तैयारी में है, जो एक बार चार्ज होने पर करीब 355 किलोमीटर तक चल सके। साथ ही Hyundai भारत को सिर्फ गाड़ियां बेचने का बाजार नहीं, बल्कि EV बनाने और दुनिया के दूसरे देशों में एक्सपोर्ट करने का बड़ा केंद्र बनाना चाहती है।

FY26 में Hyundai ने शहरों के साथ-साथ गांवों और छोटे शहरों में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। Q4 FY26 में कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही बिक्री दर्ज की, जो उसकी बढ़ती लोकप्रियता दिखाती है। Hyundai की हर 4 में से 1 गाड़ी गांवों और छोटे शहरों में बिक रही है। कंपनी अब सिर्फ मेट्रो सिटीज तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भारत के ग्राहकों को टारगेट कर रही है। कुल बिक्री में CNG मॉडल्स की हिस्सेदारी रिकॉर्ड 18% तक पहुंच गई। वहीं एक्सपोर्ट में भी Hyundai ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Q4 FY26 में 9.4% और पूरे साल में 16.4% की ग्रोथ दर्ज की।

कंपनी की नई SUV लाइनअप में अगली जनरेशन की Creta भी शामिल हो सकती है। Hyundai मौजूदा Hyundai Creta को बंद नहीं करेगी। कंपनी नई जनरेशन मॉडल को ज्यादा प्रीमियम SUV के तौर पर पेश कर सकती है, जबकि मौजूदा Creta पहले की तरह बिकती रहेगी। नई SUV Hyundai-Kia के K3 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें ज्यादा स्पेस, एडवांस सेफ्टी फीचर्स, नया ADAS टेक्नोलॉजी और प्रीमियम केबिन देखने को मिल सकता है।

Hyundai एक नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV पर भी काम कर रही है, जिसे इंडिया में टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। यह SUV सीधे Tata Nexon EV को चुनौती देगी।बैटरी पैक भी भारत में Exide से लिए जाएंगे। इस इलेक्ट्रिक SUV का कोडनेम HE1i बताया जा रहा है और इसे तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर प्लांट में बनाया जाएगा।