तेज रफ्तार और स्पोर्टी कारों के शौकीनों के लिए Skoda Auto India ने Octavia RS की दूसरी खेप भारत में उतार दी है। इसकी कीमत 56.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। इस बार कंपनी सिर्फ 50 यूनिट लेकर आई है और इनकी डिलीवरी अगले सप्ताह से शुरू होगी। खास बात यह है कि पहली 100 यूनिट का स्टॉक डिलीवरी शुरू होने से पहले ही बिक गया था। नई खेप की कीमत पहली खेप के मुकाबले 6.70 लाख रुपये ज्यादा है। Octavia RS में 265 hp वाला 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन, 370 Nm टॉर्क, 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में सिर्फ 6.4 सेकंड का समय मिलता है।
Octavia RS की नई खेप बेहद सीमित संख्या में लाई गई है। कंपनी ने इसकी सिर्फ 50 यूनिट आवंटित की हैं। इसे Mamba Green, Velvet Red और Magic Black रंगों में खरीदा जा सकता है। इनमें चमकीला Mamba Green RS मॉडल की सबसे खास पहचान माना जाता है। यह कार भारत में Completely Built Unit (CBU) के तौर पर लाई जाती है। इसे विदेश में तैयार करके भारत लाया जाता है। यही वजह इसकी कीमत पर भी असर डालती है।
Octavia RS में Volkswagen Group का EA888 2.0-लीटर, चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 265 hp की पावर और 370 Nm का टॉर्क पैदा करता है। पावर को केवल आगे के पहियों तक पहुंचाया जाता है और इसके साथ 7-स्पीड DSG डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। Skoda के मुताबिक यह कार 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार महज 6.4 सेकंड में पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक तौर पर 250 किमी/घंटा तक सीमित है।
RS सिर्फ इंजन की ताकत के लिए खास नहीं है। इसमें प्रोग्रेसिव स्टीयरिंग, स्पोर्ट्स सस्पेंशन, बेहतर चेसिस सेटअप और स्पोर्ट्स एग्जॉस्ट सिस्टम दिया गया है। इन बदलावों का मकसद सामान्य Octavia के मुकाबले कार को ज्यादा तेज और स्पोर्टी ड्राइविंग अनुभव देना है।
Octavia RS का डिजाइन भी सामान्य Octavia से ज्यादा आक्रामक है। इसमें स्पोर्टी फ्रंट बंपर, ग्लॉस-ब्लैक एलिमेंट्स और खास RS डिजाइन डिटेलिंग दी गई है। कार में 19-इंच अलॉय व्हील, Matrix LED हेडलैंप और डायनेमिक इंडिकेटर वाले LED टेललैंप मिलते हैं। पीछे की तरफ भी ब्लैक ट्रीटमेंट दिया गया है।
Octavia RS सिर्फ तेज चलने वाली कार नहीं है। इसकी 600 लीटर की बूट क्षमता है, जिसे पीछे की सीटें फोल्ड करने पर 1,555 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। यानी लंबी यात्रा और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए भी इसमें पर्याप्त जगह है।
अंदर ब्लैक स्पोर्ट्स सीटों के साथ रेड एलिमेंट्स दिए गए हैं। फ्रंट सीटें इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, मेमोरी, हीटिंग और मसाज फंक्शन से लैस हैं। इसके अलावा 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 13-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और 11-स्पीकर Canton ऑडियो सिस्टम मिलता है।
Skoda Octavia RS की इंडिया में फिर एंट्री, केवल 50 लोगों को मिलेगी यह कार
