Hyundai India ने कमाए 70 हजार करोड़, फिर भी चौथी तिमाही में मुनाफा 22% लुढ़का

नई दिल्ली: इंडिया में 30 साल पूरे होने का जश्न मना रही Hyundai Motor India को मार्च 2026 तिमाही में बड़ा झटका लगा है। बिक्री बढ़ने और 70 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने के बावजूद कंपनी का मुनाफा फिसल गया। Q4 FY26 में Hyundai India का नेट प्रॉफिट 22% टूटकर 1,256 करोड़ रुपये पर सिमट गया जबकि बढ़ते खर्चों ने कंपनी का पूरा खेल बिगाड़ दिया।

Hyundai के ताजा नतीजों ने ऑटो सेक्टर में हलचल मचा दी है, क्योंकि कमाई बढ़ने के बावजूद फायदा कमजोर पड़ गया। चौथी तिमाही में कंपनी का PBT भी गिरा है। हालांकि कंपनी ने शेयरधारकों को ₹21 प्रति शेयर डिविडेंड देने का ऐलान किया है और आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहनों व नए प्रोडक्ट्स पर 45,000 करोड़ रुपये निवेश करने की बड़ी योजना भी सामने रखी है।

Q4 FY26 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 5.4% बढ़कर 18,916 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 17,940 करोड़ रुपये था। यानी बिक्री और कारोबार मजबूत रहे, लेकिन बढ़ते खर्चों ने मुनाफे की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। Hyundai Motor India ने इस साल पहले से ज्यादा कारोबार किया और उसकी कुल कमाई भी बढ़ी, लेकिन कंपनी के खर्च बहुत बढ़ गए। इसी वजह से फायदा यानी मुनाफा कम हो गया। FY26 में कंपनी ने 70,763 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन कर्मचारियों की सैलरी, ऑपरेशन और दूसरे खर्च बढ़ने से शुद्ध मुनाफा घटकर 5,432 करोड़ रुपये रह गया। टैक्स से पहले होने वाला फायदा (PBT) पिछले साल 2,175 करोड़ रुपये था, जो इस बार घटकर 1,604 करोड़ रुपये रह गया।

Hyundai India के MD और CEO Tarun Garg ने कहा कि भारत में 30 साल पूरे होना कंपनी के लिए गर्व की बात है। मुश्किल बाजार हालात के बावजूद कंपनी ने नए प्रोडक्ट्स, मजबूत एक्सपोर्ट और GST 2.0 जैसे बदलावों का फायदा उठाकर अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी। 1996 में भारत में एंट्री करने वाली हुंडई अब देश की सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल कंपनियों और एक्सपोर्टर्स में शामिल हो चुकी है। अब तक कंपनी भारत में करीब 40,700 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है। FY26 से FY30 के बीच कंपनी करीब 45,000 करोड़ रुपये और निवेश करने की तैयारी में है। यह निवेश मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने, इलेक्ट्रिक वाहनों, और नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट पर खर्च किया जाएगा।