नई दिल्ली: देश की दिग्गज ऑटो कंपनी Tata Motors ने अपनी प्रीमियम हैचबैक Tata Altroz iCNG AMT को नए अवतार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने अब इसमें ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (AMT) का ऑप्शन जोड़ दिया है, जिससे यह इंडिया की पहली ऐसी प्रीमियम हैचबैक बन गई है जो फैक्ट्री-फिटेड CNG पावरट्रेन के साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स ऑफर करती है।
नई Altroz iCNG AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.69 लाख रुपये रखी गई है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 10.76 लाख रुपये तक जाती है। कंपनी इसे Pure, Pure S, Creative, Creative S और Accomplished S समेत कुल पांच वेरिएंट्स में लेकर आई है।
Tata Motors ने लॉन्चिंग से साफ संकेत दिया है कि अब कंपनी केवल माइलेज ही नहीं, बल्कि CNG कारों में प्रीमियम फीचर्स और ड्राइविंग कम्फर्ट पर भी बड़ा दांव खेल रही है। शहरों की भारी ट्रैफिक वाली सड़कों पर अब CNG कार चलाना पहले से ज्यादा आसान और आरामदायक हो जाएगा। नई Tata Altroz iCNG AMT में 1.2-लीटर Revotron CNG इंजन दिया गया है, जो CNG मोड में 73.5 PS की पावर और 103 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले ग्राहकों के लिए यह बड़ा फायदा साबित हो सकता है।
कार की सबसे बड़ी खासियत Tata की ड्यूल-सिलेंडर iCNG टेक्नोलॉजी है। आमतौर पर CNG कारों में बड़ा सिलिंडर बूट स्पेस खत्म कर देता है, लेकिन यहां कंपनी ने दोनों सिलेंडरों को लगेज फ्लोर के नीचे फिट किया है। CNG मोड में भी 210 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि पेट्रोल और डीजल मॉडल में यह क्षमता 345 लीटर की है।कार में सिंगल ECU सिस्टम दिया गया है, जो पेट्रोल और CNG मोड के बीच ऑटोमैटिक स्विचिंग करता है। अब कार सीधे CNG मोड में भी स्टार्ट हो सकती है।
नई Altroz में फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल्स, कनेक्टेड LED टेललैंप्स, LED हेडलैंप्स और DRLs दिए गए हैं। केबिन में ट्विन 26.03 सेंटीमीटर डिजिटल डिस्प्ले, एम्बिएंट लाइटिंग, सॉफ्ट-टच डैशबोर्ड और HARMAN का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। Tata Altroz iCNG AMT को 5-स्टार भारत NCAP सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है। इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स और रिवर्स पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं।
