नई दिल्ली: HMD इंडियन मार्केट में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन HMD Vibe 2 5G 21 मई को लॉन्च करेगी। इसकी बिक्री Flipkart के जरिए की जाएगी। HMD Vibe 2 5G को पुराने Vibe मॉडल का अपग्रेड माना जा रहा है। इसमें डिजाइन से लेकर बैटरी और डिस्प्ले तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी इसे खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर ला रही है जो कम कीमत में 5G स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं।
HMD Vibe 2 5G में 6,000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो पुराने मॉडल की तुलना में ज्यादा क्षमता वाली होगी। इसके साथ 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी दिया जा सकता है। बड़ी बैटरी की वजह से फोन लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकेगा और बार-बार चार्ज करने की जरूरत कम पड़ सकती है। फोन का 4GB + 64GB वेरिएंट करीब 8,999 रुपये, 4GB + 128GB वेरिएंट लगभग 9,999 रुपये और 6GB + 128GB मॉडल करीब 10,999 रुपये में लॉन्च हो सकता है। हालांकि आधिकारिक कीमत का खुलासा लॉन्च के दिन ही होगा।
फोन में 6.75 इंच का IPS LCD डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जो HD+ रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। आमतौर पर इस कीमत वाले स्मार्टफोन्स में 90Hz डिस्प्ले देखने को मिलते हैं, ऐसे में 120Hz रिफ्रेश रेट फोन को ज्यादा स्मूद अनुभव दे सकता है। इससे सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग, वीडियो देखने और रोजमर्रा के इस्तेमाल में बेहतर अनुभव मिलने की संभावना है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में Unisoc T8200 प्रोसेसर होगा। यह चिपसेट रोजमर्रा के इस्तेमाल, मल्टीटास्किंग और बेसिक गेमिंग के लिए तैयार किया गया है। फोन 4GB और 6GB RAM विकल्पों में आ सकता है, जबकि स्टोरेज के लिए 64GB और 128GB ऑप्शन मिलने की उम्मीद है। फोन में 50MP का डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा, जो इस बजट में बेहतर फोटो अनुभव दे सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8MP फ्रंट कैमरा मिलने की संभावना है। कुल मिलाकर HMD Vibe 2 5G उन ग्राहकों के लिए मजबूत विकल्प बन सकता है जो ₹10 हजार के बजट में बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन चाहते हैं।
